
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात को बीजेपी पार्षद एवं एमआइसी सदस्य प्रिया दांगी के परिवार में आयोजित विवाह समारोह के दौरान हवाई फायरिंग में ढोल बजा रहे युवक को गोली लग गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाह समारोह पार्षद प्रिया दांगी के चाचा के बेटे गोपाल का था। बुधवार रात बारात निकाली जा रही थी। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार ढोल की थाप पर नाच रहे थे। बारात में आतिशबाजी भी हो रही थी।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने हवाई फायरिंग कर दी। गोली वहां ढोल बजा रहे युवक मुकुल को जा लगी। अचानक हुई घटना से बारात में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया। परिजन और अन्य लोग घायल युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलने पर छत्रीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में बारात के दौरान नाचते समय हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें- डबरा में अंडे के ठेले पर विवाद के बाद छत से ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक के पैर में लगी गोली
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध। इसके लिए विवाह समारोह में मौजूद लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। साथ ही घटना के समय की वीडियो रिकॉर्डिंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।