
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सिंहस्थ-2028 में बाहर से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था अब स्थानीय किसानों की जमीन से जोड़ने की तैयारी है। मेला क्षेत्र के आसपास प्रस्तावित पार्किंग स्थलों के नजदीक किसानों की उपलब्ध जमीन पर टेंट सिटी विकसित करने का सुझाव सामने आया है।
इससे श्रद्धालुओं को पार्किंग के पास ही ठहरने की सुविधा मिल सकेगी और किसानों को अपनी जमीन के माध्यम से आमदनी का अवसर मिलेगा। इस व्यवस्था को अमलीजामा पहनाने के लिए तीन अलग-अलग मॉडल तैयार किए जाएंगे। इनमें किसान, स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु-तीनों के हितों को ध्यान में रखा जाएगा।
सिंहस्थ की टेंट सिटी को लेकर आयोजित समन्वय बैठक में संभागायुक्त आशीष सिंह ने अधिकारियों को छह दिन में तीनों वैकल्पिक मॉडलों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण तैयार करने के निर्देश दिए हैं। किसानों ने बैठक में सुझाव दिया कि सिंहस्थ के लिए प्रस्तावित पार्किंग स्थलों के समीप उपलब्ध निजी भूमि पर टेंट सिटी विकसित की जा सकती है। इस सुझाव के बाद अब संबंधित स्थलों का सर्वे कर भूमि की उपलब्धता, भौगोलिक स्थिति, जरूरी सुविधाओं और विकास की संभावनाओं का परीक्षण किया जाएगा।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सिंहस्थ में विकसित होने वाली सभी टेंट सिटी को एक कॉमन ऑनलाइन पोर्टल पर प्रदर्शित किया जाए। श्रद्धालु एक ही प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग टेंट सिटी, वहां उपलब्ध सुविधाओं और ठहरने के विकल्पों की जानकारी ले सकेंगे। इसी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है। इससे अलग-अलग संचालकों की व्यवस्थाओं के बीच जानकारी और बुकिंग का बिखराव रोकने में मदद मिलेगी।
इस बार की तैयारी में किसानों की भूमिका को सिर्फ जमीन उपलब्ध कराने तक सीमित रखने के बजाय टेंट सिटी के विकास और संचालन में उनकी सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया है। तीनों मॉडलों में यह देखा जाएगा कि किसान और स्थानीय नागरिक किस तरह निवेश, संचालन या अन्य व्यवस्थाओं से जुड़कर आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण आवास, स्वच्छता, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं मिलें, इसका भी ध्यान रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें- उज्जैन सिंहस्थ 2028 में सेवा के लिए अभी से तैयार होंगे 250 युवा, NSS का ट्रेनिंग कैंप
टेंट सिटी में स्थानीय भागीदारी का विचार नया नहीं है। 24 अक्टूबर को हुई बैठक में भी किसानों की जमीन पर टेंट सिटी विकसित करने की संभावना पर चर्चा हुई थी। किसानों ने इसमें सकारात्मक रुचि दिखाई थी और भूमि, सुविधाओं तथा संचालन को लेकर सुझाव दिए थे।
इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सिंहस्थ में स्थानीय नागरिकों को खाली जमीन पर टेंट सिटी विकसित करने, घरों में कमरे उपलब्ध कराने और होम-स्टे जैसी सुविधाओं से आय अर्जित करने के अवसरों का उल्लेख किया था। अब तक टेंट सिटी की जगह, संख्या, क्षमता, किराया, संचालन और बुकिंग की शर्तें अंतिम रूप से तय नहीं हुई हैं।