
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सिंहस्थ 2028 में लाखों श्रद्धालुओं की सेवा, सहायता और व्यवस्थाओं में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय का राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ 250 से अधिक स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण देकर सेवा कार्यों के लिए तैयार करेगा।
खास बात यह है कि इस प्रशिक्षण का दायरा केवल सिंहस्थ की व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं को नशामुक्ति, टीबी उन्मूलन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा जाएगा।
इसके लिए 13 से 19 नवंबर तक सात दिवसीय विश्वविद्यालय स्तरीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। 'नशा एवं टीबी मुक्त युवा तथा सिंहस्थ 2028' विषय पर होने वाला यह शिविर देवास रोड स्थित श्री राज राजेन्द्र जयन्तसेन सूरि शिक्षा महाविद्यालय ग्राम मानपुरा में होगा।
शिविर में विश्वविद्यालय के 250 से अधिक स्वयंसेवकों के साथ सातों जिलों से एक-एक पुरुष एवं महिला कार्यक्रम अधिकारी और जिला संगठक शामिल होंगे। कोर ग्रुप के सदस्यों को मिलाकर प्रतिभागियों की संख्या करीब 300 रहेगी। राज्य एवं केंद्र सरकार के उच्चाधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य और वरिष्ठ स्वयंसेवक भी प्रशिक्षण में सहभागिता करेंगे।
राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक शेखर मैदमवार के अनुसार शिविर में विशेषज्ञों के व्याख्यान, समूह चर्चा और सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों और टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने की जिम्मेदारी के लिए तैयार किया जाएगा। नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामूहिक कार्यशैली विकसित करना भी प्रशिक्षण का हिस्सा होगा।
सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की सहायता, जनसहयोग और विभिन्न स्तरों पर सामाजिक समन्वय के लिए प्रशिक्षित युवाओं की जरूरत होगी। इसी दृष्टि से एनएसएस स्वयंसेवकों को अभी से तैयार करने की योजना है। शिविर के माध्यम से उनमें सेवा भावना के साथ बड़े आयोजनों में जिम्मेदारी निभाने की क्षमता विकसित करने पर जोर रहेगा।
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार इंदौर, शहर में बढ़ेंगे होम स्टे, मिलेगा रोजगार
शिविर कुलगुरु डॉ. अर्पण भारद्वाज के मार्गदर्शन तथा कुलसचिव, कार्यपरिषद के वरिष्ठ सदस्य राजेश सिंह कुशवाह के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। व्यवस्थाओं में एनएसएस के पूर्व समन्वयक डॉ. प्रशांत पुराणिक, मुक्त इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमन सिंह सोलंकी और स्कूली शिक्षा उज्जैन के नोडल अधिकारी राजेश गंधरा की प्रमुख हिस्सेदारी हैं। विभिन्न समितियों के कार्यों का समन्वय जिला संगठक डॉ. प्रदीप लाखरे कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में सिंहस्थ बायपास से उन्हेल रोड तक 111.68 करोड़ से बनेगी नई सीसी रोड