
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : ग्वालियर के बिल्डर शेरसिंह जादौन के बेटे अभिषेक की मुहाड़ी फॉल में डूबने से मौत हो गई। वह मंगलवार सुबह दोस्तों के साथ नहाने उतरा था। एक दोस्त ने बचाने की कोशिश भी की लेकिन गहराई ज्यादा होने से वह खुद डूबने लगा तो उसको लौटना पड़ गया। पुलिस, गोताखोर, एसडीआरएफ ने बुधवार दोपहर शव बाहर निकाला।
खुड़ैल थाना प्रभारी करणीसिंह शक्तावत के अनुसार थाटीपुरा (ग्वालियर) निवासी 20 वर्षीय अभिषेकसिंह जादौन महालक्ष्मीनगर (ए-सेक्टर) में दोस्त विशाल केसरी के साथ रहता था। वह स्कीम-78 स्थित प्रेस्टिज कॉलेज में बीएफटी (द्वितिय वर्ष) की पढ़ाई कर रहा था।
टीआई के अनुसार मंगलवार सुबह अभिषेक और उसके दोस्तों राज पुत्र नरेंद्र चतुर्वेदी (छतरपुर), यश पुत्र रणजीतसिंह गुर्जर (यूपी), प्रियांश पुत्र देवेंद्र शर्मा (ग्वालियर) और अरमान पुत्र महेश चौरसिया निवासी छतरपुर ने पिकनिक मनाने का प्लान बनाया था। सभी प्रेस्टिज कॉलेज के छात्र हैं।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे प्रियांश की कार से सभी मुहाड़ी फॉल पहुंच गए थे। प्रियांश के अनुसार यश और अभिषेक सबसे पहले झरने के नीचे नहाने उतर गए। जैसे ही अभिषेक ने फॉल में पैर रखा फिसलन होने से पैर फिसल गया और वह गहराई में चला गया। यश ने उसको बचाने का प्रयास किया था।
यश को तैरना आता है। झरने के कारण भंवर होने से यश भी डूबने लगा और वह किनारे पर लौट आया। प्रियांश, राज और अरमान भी आ गए और चारों ने एक दूसरे का हाथ पकड़ कर अभिषेक को बचाने का प्रयास किया। अभिषेक छटपटाते हुए आगे जाता जा रहा था और उनके सामने ही डूब रहा था।
प्रियांश ने पुलिस को बताया पहाड़ी से करीब 500 फीट नीचे नहाने गए थे। वहां मोबाइल को नेटवर्क भी चला जाता है। मौके से पुलिस को कॉल लगाने का प्रयास किया लेकिन नेटवर्क नहीं आ रहा था। जैसे तैसे उपर गए और डायल-112 पर काल लगाकर घटना की सूचना दी।
छात्रों ने ग्रामीणों से भी मदद मांगी थी। रस्सी और साड़ी मांगी लेकिन कोई आगे नहीं आया। बाद में पुलिस पहुंची लेकिन अभिषेक डूब चुका था। पुलिस और एसडीआरएफ ने मंगलवार देर रात तलाशी ली लेकिन शव नहीं मिला। बुधवार सुबह दोबारा गोताखोर नीचे उतरे और दोपहर को अभिषेक का शव बाहर निकाला। अभिषेक के पिता बिल्डर बताये जा रहे है। एक भाई दिल्ली में रहता है।
यह भी पढ़ें- पति को डूबता देख कुएं में कूदी पत्नी, महिला घायल हुई लेकिन नहीं बचा सकी अपना सुहाग