
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार में आ रही कार ने कई राहगीरों को चपेट में ले लिया और ड्राइवर टक्कर मारते हुए फरार हो गया। हादसे में बाइक सवार दूध व्यवसायी और महिला की मौत हो गई। दो अन्य बाइक सवार भी घायल हुए हैं। महिला की अभी तक शिनाख्त भी नहीं हुई है। पुलिस ने कार जब्त कर ली है।
टीआई देवेंद्र मरकाम के मुताबिक घटना सुबह करीब 8:30 बजे नायता मुंडला ब्रिज की है। डायल-112 पर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। बाइक सवार महिला और पुरुष मौके पर पड़े हुए थे। राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दोपहर को पुरुष की पहचान उमरिया खुर्द (दूधिया) निवासी 45 वर्षीय देवराज गौड़ (ठाकुर) पुत्र हुकुमसिंह ठाकुर के रूप में हुई, लेकिन महिला की पहचान नहीं हुई है।
एएसआई राकेश सिंह सोलंकी के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान देवराज के भाई हरपाल और भानजा शुभम आए थे। उन्होंने बताया कि देवराज दूध का व्यवसाय करते थे। वह दूध बांटकर साढ़े नौ बजे तक लौट आते थे। संभवतः लौटने के दौरान ही हादसा हुआ है। दोनों ने महिला को पहचानने से भी इनकार कर दिया। टीआई के अनुसार पुलिस ने अन्य लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन महिला की कोई जानकारी नहीं मिली।
हादसे में बाइक सवार दंपती जितेंद्र और चिंता सोलंकी (निवासी मूसाखेड़ी) भी घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार बेहद तेज रफ्तार में थी। जब लोगों ने उसका पीछा करने का प्रयास किया, तो ड्राइवर कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस जब्त वाहन के आधार पर फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी है।