
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। होली त्योहार को दृष्टिगत खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के तीन दल गठित किए गए हैं। जिनके द्वारा सतत रूप से प्रभावी कार्रवाईयां की जा रही हैं। गुरुवार को तेजाजी नगर, खंडवा रोड इंदौर स्थित नव शक्ति डेरी एंड स्वीट्स का औचक निरीक्षण दल द्वारा किया गया। मौके पर श्री विशाल गौड प्रोपराइटर प्रतिष्ठान का संचालन करते हुए मिले। प्रतिष्ठान में पनीर, मावा, घी, मिठाइयां आदि का निर्माण एवं विक्रय किया जाना पाया गया।
विभाग को सूचना प्राप्त हुई थी कि संबंधित द्वारा मिलावटी पनीर का निर्माण कर विक्रय किया जा रहा है। मौके से पनीर, घी, मावा, मिल्क केक, पेड़ा, बेसन लड्डू और दूध के कुल सात नमूने जांच के लिए गए। मिलावट की आशंका में 209 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपए है, को जब्त किया गया।
एक अन्य कार्रवाई में क्वालिटी स्वीट्स, रानीबाग खंडवा रोड से मिल्क केक, पेड़ा, मलाई बर्फी, रतलामी सेव, खट्टा मीठा मिक्सचर एवं लौंग सेव के कुल छह नमूने लिए गए। साथ ही रानीबाग खंडवा रोड स्थित अमृत डेरी से दूध एवं घी के कुल दो नमूने लिए गए।
एक अन्य दल द्वारा पोरवाल मसाला, गली नंबर 10 नंदानगर, पाटनीपुरा मेन रोड का औचक निरीक्षण किया। मौके पर खाद्य अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई। मौके से खाद्य सामग्री तुअर दाल, मसूर दाल, चना दाल, उड़द दाल एवं मूंग दाल के कुल पांच नमूने लिए गए। तीसरे दल द्वारा मिठास 365 रेस्टोरेंट, सुदामा नगर का औचक निरीक्षण कर मिल्क केक एवं पनीर के कुल दो नमूने लिए गए।
लिए गए नमूनों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत जांच के लिए प्रयोगशाला की ओर भेजा जा रहा है, जिनकी विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई आगे भी सतत रूप से जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- Indore के MYH अस्पताल में फिर लापरवाही... चूहों के बाद अब HIV यूनिट तक बिल्लियों का आतंक