
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके साथ जमकर मारपीट हुई और पूरे शरीर पर निशान थे। युवक की पहचान मकरोनिया(सागर) निवासी संजय कुर्मी के रुप में हुई है और वह दो दिन पूर्व ही दोस्त सोहन लोधी से मिलने का बोलकर इंदौर आया था।
डीसीपी जोन-1 नरेंद्रसिंह रावत के मुताबिक शव संगम नगर क्षेत्र में खाली मैदान में मिला है। पुलिस ने नेटग्रेड से उसकी शिनाख्त की तो पहचान संजय पुत्र ओमप्रकाश कुर्मी निवासी मकरोनिया (सागर) के रुप में हुई। स्वजन ने बताया संजय मजदूरी करता था और 20 अक्टूबर को ही काम तलाशने का बोलकर घर से निकला था।
उसने कहा था कि वह दोस्त सोहन लोधी के पास जा रहा है। मूलत: सागर निवासी सोहन मल्हारगंज थाना क्षेत्र में रहता है। पुलिस ने सोहन की तलाश की लेकिन वह घर से गायब हो गया।
यह भी पढ़ें- शहडोल में अधिवक्ता के साथ पुलिसकर्मियों ने की मारपीट, शरीर पर पड़ गए लाठियों के निशान
डीसीपी के अनुसार संजय के पूरे शरीर पर चोट के निशान मिले है। उसकी जेब में रुपये और मोबाइल भी नहीं था। पुलिस को पोस्ट मार्टम करने वाले डाक्टर ने बताया संजय के साथ मारपीट हुई है मगर मौत अन्य कारणों से हुई है। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। संदेही सोहन की तलाश है और संजय के मोबाइल की काल डिटेल निकाली जा रही है।