शहडोल में अधिवक्ता के साथ पुलिसकर्मियों ने की मारपीट, शरीर पर पड़ गए लाठियों के निशान
पुलिस की पिटाई से अधिवक्ता के शरीर पर लाठियों के निशान पड़ गए।
Publish Date: Sat, 31 Oct 2026 04:53:10 PM (IST)Updated Date: Sat, 31 Oct 2026 05:09:49 PM (IST)
फोटो एआई जनरेटेडHighLights
- अधिवक्ता के साथ पुलिसकर्मियों की मारपीट
- शरीर पर पड़े निशान और सिर में आई चोट
- साथियों के साथ बुढ़ार बस स्टैंड पर थे मौजूद
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। बुढ़ार में अधिवक्ता के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस की पिटाई से अधिवक्ता अभिनव पाठक का सिर फट गया, कान में चोट आई और शरीर पर लाठियों के निशान पड़ गए।
बीच-बचाव करने आए उनके साथियों के साथ भी मारपीट का आरोप लगा है। मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती निवासी अधिवक्ता अभिनव पाठक अपने साथियों के साथ दुर्गा पंडाल में हिसाब-किताब के बाद बुढ़ार बस स्टैंड के पास पहुंचे थे।
पुलिसकर्मियों ने बरसाए डंडे
वह फोन पर बात कर रहे थे, तभी पुलिस वाहन से पहुंचे बुढ़ार थाने के कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पूछताछ के दौरान विवाद बढ़ा और पुलिसकर्मियों ने डंडे बरसा दिए, जिससे वह लहूलुहान हो गए। दूसरे पक्ष के अनुसार अधिवक्ता पुलिसकर्मियों से अभद्रता और झूमाझपटी कर रहे थे, जिसके चलते बचाव में कार्रवाई करनी पड़ी।
वैधानिक कार्यवाही की जाएगी-एसडीओपी
लेकिन सवाल है कि यदि विवाद हुआ भी तो क्या इतनी गंभीर मारपीट जरूरी थी। बीच-बचाव करने वालों के घायल होने की जवाबदेही किसकी है। धनपुरी एसडीओपी विकास पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अभी ही शिकायत नहीं मिली है। वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा।