
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'स्वामित्व योजना 2026' के तहत ग्रामीण आबादी भूमि की पक्की रजिस्ट्री (अभिलेख) वितरण के नए चरण का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शिरकत की।
इस दौरान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले एक माह के विशेष अभियान की घोषणा की गई, जिसके तहत अधिकारी घर-घर जाकर ग्रामीणों को उनकी संपत्ति के मालिकाना हक के दस्तावेज सौंपेंगे। मंच से दोनों नेताओं ने जहां प्रदेश के विकास का रोडमैप रखा, वहीं विपक्षी दल कांग्रेस पर भी तीखे जुबानी हमले किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पहले शहरों में तो मकानों पर आसानी से बैंक लोन मिल जाता था, लेकिन गाँवों में मालिकाना हक का पक्का दस्तावेज न होने से ग्रामीण इस सुविधा से वंचित रह जाते थे। अब स्वामित्व योजना के तहत पक्की रजिस्ट्री मिलने से गांव-गांव के लोग भी अपनी संपत्ति पर वित्तीय लाभ ले सकेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने लोकमाता अहिल्याबाई की पवित्र भूमि इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दशकों से जो ग्रामीण अपने मालिकाना हक के लिए भटक रहे थे, आज उन्हें उनका अधिकार मिल रहा है।
प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव को 'सेवा दिवस' के रूप में मनाए जाने पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए नितिन नबीन ने कहा...
"प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। गरीबों को मुफ़्त राशन से लेकर जनधन बैंक खातों तक का लाभ दिया है। ऐसे जनसेवक का जन्मदिन अगर 'सेवा दिवस' के रूप में नहीं मनाएंगे, तो क्या राहुल बाबा का मनाएंगे?"
नितिन नबीन ने आगे कहा कि पहले की सरकारों में योजनाओं के पीछे 'वोट बैंक' देखा जाता था, लेकिन मोदी सरकार की हर नीति के केंद्र में देश का गरीब और गांव होता है। उन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर और उज्जैन के महाकाल कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ा रही है।
नितिन नबीन ने कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरदार पटेल ने देश को जोड़ने का ऐतिहासिक काम किया, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें भुला दिया और धारा 370 का समर्थन करती रही। उन्होंने कहा कि आज देश की प्रगति को देखकर विपक्ष में भारी छटपटाहट और बेचैनी है...
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से भूखंडों की निश्शुल्क पक्की रजिस्ट्री के दस्तावेज सौंपे और अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
यह भी पढ़ें- स्वामित्व योजना: इंदौर में नितिन नबीन करेंगे फ्री रजिस्ट्री का आगाज, 30 हजार लोगों को 40 साल बाद मिलेगा जमीनी हक