
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देशभर के शैक्षणिक संस्थान से संचालित स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश को लेकर कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) सीयूईटी पीजी संपन्न हो चुकी है। अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) अगले सप्ताह तक मॉडल आंसर-शीट जारी करेंगे। उसके आधार पर विद्यार्थी अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इस संबंध में सही जवाब और प्रमाणित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। अधिकारियों के मुताबिक मई दूसरे सप्ताह तक रिजल्ट घोषित निकाला जाएगा।
एनटीए की तरफ से संस्थानों को विद्यार्थियों का डाटा भेजा जाएगा। इस प्रक्रिया में पंद्रह से बीस दिनों का समय लगेगा। उसके बाद देवी अहिल्या विश्वविद्यालय अपने स्तर पर विद्यार्थियों की मेरिट और रैंक तैयार करेगा। फिर काउंसलिंग प्रक्रिया को शुरू कर सकता है। विश्वविद्यालय के मुताबिक जून से काउंसलिंग के पंजीयन प्रारंभ किए जाएंगे। इस बार सीयूईटी पीजी में चार से पांच नए कोर्स जुड़ गए हैं।
इन्हें मिलकर 28 पाठ्यक्रम की 1970 से ज्यादा सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। 19 एमबीए, 5 एमए, 1-1 एमएसडब्ल्यू और एलएलएम पाठ्यक्रम हैं। काउंसलिंग का पहला चरण जुलाई में रखा जाएगा। ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से छात्र-छात्राओं को सीटें आवंटित की जाएंगी। सीयूईटी काउंसलिंग समन्वयक डॉ. राजेश शर्मा का कहना है कि काउंसलिंग का पहला चरण जुलाई में संपन्न करवाया जाएगा। उसके बाद रिक्त सीटों के लिए दूसरा और तीसरा चरण रखेंगे।
यह भी पढ़ें- फोन उठाते ही उड़ गए लाखों, इंदौर में एक काल में खाली हुए युवक के खाते, एक्सपर्ट्स भी हैरान
मई में यूजी की परीक्षा इंटीग्रेटेड और स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए एनटीए ने मई में सीयूईटी यूजी रखी है, जो 31 मई तक संपन्न होगी। इसका परिणाम जून-जुलाई के बीच निकाला जाएगा। वहीं जून तक एमपी बोर्ड और सीबीएसई के 12वीं के नतीजे आने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक यूजी-पीजी के लिए अलग-अलग काउंसलिंग होगी। इसे लेकर अप्रैल में बैठक बुलाई गई है।