
उदय प्रताप सिंह, नईदुनिया, इंदौर : एयरपोर्ट से बड़ा गणपति की ओर टनल बोरिंग मशीन ‘नर्मदा‘ ने अब तक 90 मीटर में सुरंग का निर्माण कर दिया है। अगले आठ माह में यह टीबीएम बीएसएफ परिसर स्थित भूमिगत मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगी।
वहीं, अब एयरपोर्ट स्थित भूमिगत मेट्रो स्टेशन से दूसरी टनल बोरिंग मशीन ‘ नर्मदा‘ 8 नवंबर से दूसरी सुरंग के निर्माण का कार्य शुरू करेंगी। इस तरह यह दोनों टनल बोरिंग मशीनें एयरपोर्ट से नगर निगम स्थित प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन तक करीब 2400 मीटर हिस्से में सुरंग का निर्माण कार्य पूर्ण करेंगी।
आगामी डेढ़ साल में दोनों सुरंगों के बनने के बाद उनके बीच में इमरजेंसी कनेक्टिविटी की व्यवस्था की जाएगी। वहीं तीसरी व चौथी टनल बोरिंग मशीन नगर निगम मुख्यालय के पास बन रहे मेट्रो स्टेशन से रीगल की ओर सुरंग का निर्माण करेंगी। तीसरी टनल बोरिंग मशीन दिसंबर तक इंदौर पहुंचने की संभावना है। निगम मुख्यालय के पास टीबीएम लांचिंग के लिए अभी शाफ्ट तैयार नहीं हुआ है।
मेट्रो की सुरंग निर्माण के लिए टीबीएम नर्मदा की अभी इनीशियल ड्राइव चल रही है। इसमें टीबीएम एक दिन में तीन रिंग तैयार करती है। एक रिंग 1.4 मीटर की होती है। मेन ड्राइव में टीबीएम सुरंग निर्माण के दौरान एक दिन में पांच से छह मीटर खोदाई करेंगी।
रीगल भूमिगत मेट्रो स्टेशन निर्माण के लिए रानी सराय परिसर से 100 से ज्यादा पेड़ों को काटा जा चुका है। मेट्रो प्रबंधन द्वारा स्टेशन निर्माण के लिए यहां पर 550 पाइलिंग की जानी है, इसमें से अभी 54 पाइलिंग ही हुई है।
यह भी पढ़ें- मेट्रो यात्रियों को खुशखबरी: भोपाल-इंदौर स्टेशनों पर आज से टिकट वेंडिंग मशीनें शुरू, खुद निकाल सकेंगे टिकट