.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में चोरों ने छात्रों के हॉस्टल को निशाना बनाते हुए कई मोबाइल और लैपटॉप चुरा लिए। बदमाश विष्णुपुरी (एनएक्स) स्थित देव निवास हॉस्टल से एक आईफोन, तीन मोबाइल और तीन लैपटॉप सहित नकदी ले गए।
घटना का पता सुबह छात्रों के जागने पर चला। पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
भंवरकुआं पुलिस के अनुसार छिंदवाड़ा चौक सिवनी निवासी 18 वर्षीय प्रिंस सराठे देव निवास हॉस्टल में किराये से रहता है। उसने शिकायत में बताया कि कमरे का दरवाजा खुला था। सुबह करीब सात बजे उठने पर कमरे से उसका आईफोन और लैपटॉप गायब मिला। जांच करने पर पता चला कि अन्य छात्रों के सामान पर भी चोर हाथ साफ कर चुके थे।
बदमाश मिहिर गुप्ता, यशदीप अवधिया और अयाज अंसारी के मोबाइल भी ले गए। इसके अलावा सौरभ अहिरवार और युवराज परमार के लैपटॉप तथा नकदी भी चोरी हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाश हॉस्टल में कैसे दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से निकले। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में 28 अक्टूबर को नहीं खुलेगा लवकुश डबल लेयर फ्लाईओवर... नई तारीख का एलान जल्द, दीवाली पर सौगात संभव