
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के पॉश इलाके वायएन रोड पर रांका मेंशन के पास सरकारी ठेकेदार राजेश जैन (युवा) के बंगले में करोड़ों रुपये की चोरी हो गई। घर की तिजोरी से करीब दो किलो सोने के आभूषण और हीरे के हार सेट गायब हो गए। तिजोरी करीब 200 किलो वजनी है और उसका लॉक सात चाबियों से खुलता है। चाबियां पहली मंजिल पर रखी थीं, जबकि तिजोरी दूसरी मंजिल पर फिक्स थी। ठेकेदार ने सुनियोजित तरीके से चोरी किए जाने की आशंका जताते हुए साउथ तुकोगंज थाने में शिकायत की है।
ठेकेदार राजेश जैन (युवा) के अनुसार, बंगले की दूसरी मंजिल पर बेडरूम में गोदरेज की 200 किलो वजनी तिजोरी रखी है। पत्नी प्रिया ने इसमें सोने और हीरे के आभूषण रखे थे। शुक्रवार को शादी समारोह में जाने के लिए तिजोरी खोली तो उसमें से आभूषण गायब थे। चोरों ने चुनिंदा और महंगे आभूषण चुराए, जबकि छोटे आभूषण छोड़ दिए।
राजेश के परिवार में चार सदस्य हैं, जिनमें पति-पत्नी और दो बेटे शामिल हैं। उन्होंने हाउसकीपिंग का काम करने वाले दो लोगों पर चोरी की आशंका जताते हुए उनसे पूछताछ की। दोनों के इनकार करने पर वे तुकोगंज थाने पहुंचे और चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक अधिकारियों को भी बुलाया गया। पुलिस ने फिंगर प्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
इस मामले में तिजोरी की सुरक्षा व्यवस्था भी चर्चा में है। राजेश के अनुसार, तिजोरी करीब 200 किलो वजनी है। तिजोरी बनाने वाली कंपनी ने बताया है कि इसकी चाबियां कोई और नहीं बना सकता। पत्नी प्रिया ने दीपावली पर पूजन के बाद आभूषण तिजोरी में रखे थे। उन्होंने 15 दिनों के भीतर चोरी होने की आशंका जताई है। इस अवधि में बाहरी लोगों के घर आने की संभावना कम थी।
पुलिस को सौंपी गई सूची में 125 ग्राम का मंगलसूत्र, 250 ग्राम का हीरे का सेट, 150 ग्राम का रानी सेट, 150 ग्राम का अन्य सेट, 125 ग्राम का ग्रीन सेट, कुल 240 ग्राम के चार गोरखरू, 25 ग्राम का टड्डा, 110 ग्राम का रेड गोल्डन सेट, 125 ग्राम की बजटी और 40 ग्राम की कान की बजटी शामिल हैं। इस सूची के अनुसार, आभूषणों का कुल वजन करीब एक किलो 340 ग्राम बताया गया है, जबकि ठेकेदार के अनुसार चोर करीब दो किलो सोना और हीरे का हार सेट चोरी कर ले गए हैं।
यह भी पढ़ें- 12 लाख की सेब हड़पने की रची झूठी कहानी, बेंगलुरु जा रही थीं 1000 पेटियां, ट्रक मालिक और ड्राइवर गिरफ्तार
तिजोरी तक पहुंचने के लिए चार चाबियों की जरूरत पड़ती थी। पहले कमरे में दाखिल होने के लिए दरवाजे का ताला खोलना पड़ता था। इसके बाद अलमारी खोली जाती थी। फिर दो लॉकर खोलने के बाद तिजोरी तक पहुंचा जा सकता था। इस तिजोरी में अलग से सात चाबियां लगती थीं।
पुलिस ने बंगले में काम करने वाले नौकरों, हाउसकीपिंग कर्मचारियों, ड्राइवर और गार्डों की सूची तैयार की है। सभी के बयान दर्ज किए गए हैं और मोबाइल नंबर भी लिए गए हैं। पुलिस इनके कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन की जांच कर रही है। राजेश जैन के बेटे रोमिल और रोचक तथा पत्नी प्रिया को भी जांच के दायरे में रखा गया है।