12 लाख की सेब हड़पने की रची झूठी कहानी, बेंगलुरु जा रही थीं 1000 पेटियां, ट्रक मालिक और ड्राइवर गिरफ्तार
करीब 12 लाख रुपये कीमत के सेब हड़पने के लिए ट्रक मालिक और चालक ने सड़क हादसे और लूट की झूठी कहानी रच दी।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 06:00:42 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 06:00:42 PM (IST)
मुरैना के गोदाम से पूरा माल बरामद, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- मुरैना के गोदाम से पूरा माल बरामद..
- सड़क हादसे और लूट की रची साजिश
- निशानदेही से बरामद हुई 800 पेटियां
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। करीब 12 लाख रुपये कीमत के सेब हड़पने के लिए ट्रक मालिक और चालक ने सड़क हादसे और लूट की झूठी कहानी रच दी। जम्मू-कश्मीर के कारोबारी को फोन कर बताया कि ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और हादसे के बाद सेब की 800 पेटियां भीड़ लूटकर ले गई।
जबकि हकीकत में दोनों ने सेब की पेटियां मुरैना के एक गोदाम में छिपाकर रख दी थीं। कारोबारी की शिकायत पर ग्वालियर पुलिस ने जांच की तो साजिश सामने आ गई। पुलिस ने चालक दिनेश गुर्जर और ट्रक मालिक सूरज गुर्जर को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 800 पेटी सेब बरामद कर ली है।
बेंगलुरु जा रहीं थी पेटियां
जम्मू-कश्मीर निवासी शाहिद अली थोक सेब कारोबारी हैं। उन्होंने करीब 1000 पेटी सेब ट्रक में लोड कर बेंगलुरु के लिए रवाना की थीं। ट्रक दिनेश गुर्जर चला रहा था। आरोप है कि रास्ते में चालक और ट्रक मालिक सूरज गुर्जर ने मिलकर सेब की खेप हड़पने की योजना बना ली।
800 पेटियां लूटने की दी सूचना
इसके बाद कारोबारी को फोन कर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने और 800 पेटियां लूटे जाने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद केवल 200 पेटियां ही बची हैं। कारोबारी शाहिद अली को चालक और मालिक की बताई कहानी पर संदेह हुआ।
इसके बाद वे 26 नवंबर को ग्वालियर पहुंचे और महाराजपुरा थाना क्षेत्र की बरेठा चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद चौकी प्रभारी रोहित सिंह भदौरिया ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने चालक दिनेश गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह हादसे की कहानी दोहराता रहा, लेकिन पूछताछ में उसने ट्रक मालिक सूरज गुर्जर के साथ मिलकर सेब हड़पने की साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली।