
प्रेम जाट, नईदुनिया, इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से आने वाले विंटर सीजन में अहमदाबाद के लिए तीसरी सीधी उड़ान की सुविधा मिलेगी। यह उड़ान अहमदाबाद से दोपहर में इंदौर आएगी और शाम को अहमदाबाद के लिए रवाना होगी। वर्तमान में अहमदाबाद के लिए दो सीधी उड़ानें सुबह और रात में संचालित हैं। 25 अक्टूबर से शाम की सीधी उड़ान भी यात्रियों को मिलेगी। साथ ही करीब एक दर्जन उड़ानों के समय में भी विंटर सीजन से बदलाव होगा।
देशभर के एयरपोर्टों पर हर साल अक्टूबर में लागू होने वाले विंटर सीजन के साथ उड़ानों का शेड्यूल बदलता है। इसमें वर्तमान उड़ानों के समय में बदलाव के साथ कई नई उड़ानें भी शुरू होती हैं। विंटर सीजन में 25 अक्टूबर से इंदौर एयरपोर्ट से अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान शुरू होगी। 6ई 7171 उड़ान अहमदाबाद से सुबह 11.05 बजे रवाना होकर दोपहर 12.05 बजे इंदौर आएगी।
वहीं इंदौर से 6ई 7071 उड़ान शाम पांच बजे रवाना होकर शाम 6.05 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। साथ ही अहमदाबाद के लिए संचालित दोनों उड़ानों का समय भी बदलेगा, ये दोनों उड़ानें आधा घंटा पहले रवाना होंगी। अहमदाबाद की तीसरी उड़ान इंडिगो द्वारा शुरू की जा रही है। कंपनी ने साइट पर बुकिंग शुरू कर दी है।
इंदौर से पुणे के लिए इंडिगो की देर रात और अलसुबह संचालित उड़ान विंटर सीजन से बंद हो जाएगी। यह उड़ान पुणे से रात 1.10 बजे रवाना होकर रात 2.30 बजे इंदौर आती है और वापसी में अल सुबह 3.20 बजे इंदौर से जाती है।
25 अक्टूबर से यह उड़ान बंद हो जाएगी और इसके स्थान पर दोपहर की उड़ान शुरू होगी। 6ई 6192 उड़ान इंदौर से दोपहर 12.45 बजे रवाना होकर दोपहर 2.05 बजे पुणे पहुंचेगी। वापसी में 6ई 6191 उड़ान दोपहर 2.45 बजे पुणे से रवाना होकर शाम चार बजे इंदौर आएगी।
विंटर सीजन से इंदौर से संचालित और आने वाली करीब एक दर्जन उड़ानों का समय बदलेगा। इसमें इंदौर-अबू धाबी की एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान रात की जगह सुबह संचालित होगी। यह उड़ान इंदौर से सुबह 8.40 बजे रवाना होगी और शाम 4.45 बजे वापस आएगी।
इंडिगो की नवी मुंबई की सुबह नौ बजे वाली उड़ान विंटर सीजन में रात में संचालित होगी। वहीं जबलपुर की उड़ान बंद होगी। इसके अलावा नागपुर, जयपुर, दिल्ली, अहमदाबाद आदि उड़ानों के समय में भी थोड़ा बदलाव होगा।