
Today in Indore: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में विभिन्न धार्मिक-सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के कार्यक्रम 5 मार्च को होंगे। इसमें रचनाकारों के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा और खादी के उत्पाद की प्रदर्शनी लगेगी। इसके साथ ही मानस सम्मेलन और शिव महापुराण कथा के आयोजन में जनमानस उमड़ेगा। दास नवमी पर आयोजित समारोह में वेदमूर्ति धनंजय शास्त्री संबोधित करेंगे।
- समर्थ मठ पंत वैद्य कालोनी में दास नवमी पर विभिन्न आयोजन सुबह 10 बजे से आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर वेद मूर्ति धनंजय शास्त्री संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1 से 4 बजे तक महाप्रसादी होगी।
- इन दिनों शहर के प्रिंसेस बिजनेस स्काईपार्क के आर्ट पैसेज में कला प्रदर्शनी लगी हुई है। इस प्रदर्शनी में देवास के चित्रकार रमेश आनंद की कलाकृतियां प्रदर्शित हो रही हैं। यदि आप एबी रोड से गुजर रहे हैं तो सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक इस प्रदर्शनी को देख सकते हैं।
- खादी की सिर्फ चादर ही नहीं बल्कि अब तो खादी से कई उत्पाद तैयार होने लगे हैं। इन्हें देखना हो, इनकी जानकारी प्राप्त करना हो तो ढक्कन वाला कुआं स्थित ग्रामीण हाट बाजार पहुंच जाएं। दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक यहां लगी खादी प्रदर्शनी का आनंद आप ले सकते हैं।
- साकेतवासी घनश्यामदास महाराज के 15वें पुण्य स्मरण के अवसर पर धार रोड़ स्थित धरावरा धाम पर नौ दिनी मानस सम्मेलन एवं श्रीराम कथा आयोजित की जा रही है। कथा दोपहर 2 बजे पीठाधीश्वर शुकदेवदास महाराज के पावन सान्निध्य में वड़ोदरा गुजरात के रामस्नेही सम्प्रदाय के संत श्रीरामप्रसाद महाराज कथा का रसपान कराएंगे।
- महाकाल सेवा संघ द्वारा शिव महापुराण कथा का आयोजन दशहरा मैदान पर आयोजित किया जाएगा। इसमें महामंडलेश्वर स्वामी इंद्रदेव सरस्वती महाराज 8 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक संबोधित करेंगे। कथा के लिए महिला-पुरुषों को बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई। कथा अनुसार उत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।
- कालजयी रचनाकारों के व्यक्तित्व और कृतित्व से आज की पीढ़ी को रूबरू कराने के लिए श्री मध्यभारत हिंदी साहित्य समिति द्वारा चलाई जा रही संवाद श्रृंखला में फणीश्वरनाथ रेणु की कृति और व्यक्तित्व पर चर्चा होगी। आप भी यदि इनके बारे में जानना चाहते हैं तो शाम 5 बजे समिति पहुंच जाएं।