
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के रविवार को होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर यातायात विभाग ने ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। कमिश्नरेट से डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी किया गया है। प्लान में रविवार दोपहर चार बजे से आयोजन स्थल और आसपास के मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली गई है। पटेल नगर क्रॉसिंग से दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा और रेडिसन चौराहा होते हुए देवास नाका तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
डीसीपी (ट्रैफिक) राजेश त्रिपाठी के मुताबिक कनाड़िया की ओर से आने वाले पटेल नगर कट से खजराना मार्ग, पाकीजा कॉलोनी होते हुए आई-2 रोड से निर्धारित पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। जबकि रेडिसन चौराहे की ओर से साईं कृपा कट, स्टार चौराहा और लाभगंगा आरई-2 रोड से पार्किंग तक जा सकेंगे। देवास की ओर से डीपीएस अंडरब्रिज, टीसीएल, वेलवेट गार्डन तिराहा और लाभगंगा आरई-2 रोड से पार्किंग तक पहुंच सकते हैं।
कॉन्सर्ट में आने वाले दर्शकों के वाहनों के लिए सी-21 बिजनेस पार्क परिसर में तीन जोन में निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दोपहिया वाहनों की पार्किंग गेट नंबर पांच के सामने रहेगी। इधर-उधर वाहन खड़े करने वाले वाहनों को क्रेन से हटाने और जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।
केवल आयोजकों द्वारा जारी विशेष कार पास (स्टीकर) लगे वाहन ही वीआईपी गेट तक जा सकेंगे। इनके लिए लाभगंगा से द पार्क होटल, पतंग तिराहा और दस्तूर डिलाइट होते हुए वीआईपी गेट तक का मार्ग तय किया गया है। कार्यक्रम में आने वाले दर्शकों के अलावा अन्य वाहनों को आयोजन क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इंटरस्टेट बसों का पिकअप पॉइंट संगम प्राइड रहेगा। बसें ब्रिज के ऊपर से होकर संगम प्राइड पहुंचेंगी। बेस्ट प्राइस पर बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रेडिसन की ओर से आने वाली बसें स्टार चौराहे से बाएं मुड़कर एडवांस एकेडमी होते हुए बेस्ट प्राइस से बायपास की ओर जाएंगी। इसी तरह व्हाइट चर्च से पिपल्याहाना की ओर आने वाली बसें स्कीम नंबर 140, अग्रवाल स्कूल चौराहा और बिचौली अंडरब्रिज होते हुए हाईवे पहुंचेंगी।
लवकुश चौराहा, बापट और स्कीम नंबर 136 की ओर से आने वाले भारी वाहन देवास नाका, मांगलिया और सेंट्रल पॉइंट होते हुए बायपास से खंडवा-मुंबई की ओर जाएंगे। वहीं खंडवा और देवगुराड़िया की ओर से आने वाले भारी वाहन बायपास, सेंट्रल पॉइंट, मांगलिया और देवास नाका होते हुए बापट व लवकुश चौराहे से उज्जैन-धार की ओर जा सकेंगे।
यह भी पढ़ें- सतना में बीटेक की छात्रा हॉस्टल से लापता, यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट में हड़कंप; पुलिस CCTV और CDR खंगाल रही