सतना में बीटेक की छात्रा हॉस्टल से लापता, यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट में हड़कंप; पुलिस CCTV और CDR खंगाल रही
धर्मनगरी चित्रकूट स्थित महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय से बीटेक की एक छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 07:23:36 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 07:23:58 PM (IST)
फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- ग्रामोदय यूनिवर्सिटी से बीटेक की छात्रा लापता
- हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी बीटेक छात्रा
- छात्रा के माता-पिता को दी गई घटना की जानकारी
सतना, चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट स्थित महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय से बीटेक की एक छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
शनिवार दोपहर अचानक उसके लापता होने की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लापता छात्रा अनूपपुर जिले की रहने वाली है। वह विश्वविद्यालय परिसर स्थित हॉस्टल में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रही थी।
बताया जा रहा है कि छात्रा विश्वविद्यालय के गेट से बाहर जाते समय वहां तैनात चौकीदार से यह कहकर गई थी कि वार्डन को बता देना कि मैं जा रही हूं। हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि वह कहां और किसके साथ जा रही है।
माता-पिता को दी गई जानकारी
विश्वविद्यालय प्रबंधन को छात्रा के लापता होने की जानकारी दोपहर करीब 1:30 बजे मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू की और छात्रा के माता-पिता को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस विश्वविद्यालय परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही छात्रा की लोकेशन और संपर्कों का पता लगाने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी नीलेश तिवारी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही छात्रा के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। छात्रा की तलाश जारी है।