
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : खजराना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा एमआर-09 रोड पर जुडियो शोरूम के सामने हुआ। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की गर्दन रेलिंग में फंस गई और उसकी दम घुटने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान निखिलेश बुंदेकर पिता मदनलाल बुंदेकर (25) निवासी ग्राम आरूद जिला खंडवा है। वह सयाजी होटल में काम करता था। शुक्रवार देर रात काम खत्म करने के बाद वह अपनी बाइक से घर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान एमआर - 09 रोड पर उसकी बाइक रेलिंग से टकरा गई।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीर गुरुनानक नगर कॉलोनी निवासी विजय पिता बाबूलाल लालवानी (30) की नजर युवक पर पड़ी। उन्होंने अन्य राहगीरों की मदद से युवक को रेलिंग से नीचे उतारा। मौके पर मृतक की सीडी डीलक्स बाइक (एमपी 10 एमबी 4455) भी सड़क के बीच में पड़ी थी, जिसे राहगीरों ने किनारे खड़ा किया। मामला वाहन दुर्घटना का बताया। मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामला दुर्घटना का लग रहा है। जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
इंदौर। कनाड़िया पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित को देशी कट्टा के साथ पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपित का नाम दीप उर्फ दीपराज खेड़े है। आरोपित को बिचौली हप्सी क्षेत्र से पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक पुलिस हॉट स्पॉट की जांच कर रही थी। इसी दौरान अरावली परिसर निवासी दीपराज पुत्र रामेश्वर खेड़े की तलाशी ली और देशी कट्टा बरामद कर लिया।
यह भी पढ़ें- धार के धरमपुरी-मांडू मार्ग पर सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी कार; 3 युवकों की मौत, 2 घायल