
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में रविवार को पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में हजारों प्रशंसक गायक की एक झलक पाने और उनके गानों पर झूमने में व्यस्त थे। वहीं, भीड़ के बीच दिल्ली और लखनऊ से आए दो शातिर मोबाइल चोर दर्शकों की जेबें साफ कर रहे थे।
गोल्ड और सिल्वर पास के जरिए कार्यक्रम में एंट्री करने वाले इन आरोपितों को खजराना पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन आईफोन और तीन सैमसंग सहित कुल छह मोबाइल बरामद किए हैं। घटना सी-21 एस्टेट ग्राउंड की है।
एडीसीपी अमरेंद्र सिंह के अनुसार कॉन्सर्ट के दौरान मोबाइल चोरी की शिकायतें मिलने पर खजराना पुलिस की विशेष टीम सक्रिय हुई। रात करीब 10 बजे पुलिस को दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे गोल्ड और सिल्वर पास लेकर कार्यक्रम में दाखिल हुए थे। भीड़ का फायदा उठाकर दर्शकों के मोबाइल चोरी कर रहे थे।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान नाजिम खान (52), निवासी मुस्तफाबाद, पुरानी दिल्ली और सुरेंद्र (37), निवासी माल रोड, ग्राम करावाद, जिला लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों से पूछताछ में अंतरराज्यीय मोबाइल चोरी नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। इनके अन्य साथियों की भूमिका भी जांची जा रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी में 2 लाख सरकारी पदों पर होगी भर्ती, दो बार होगी MPPSC परीक्षा, AI व सेमीकंडक्टर से जुड़ेंगे युवा
खजराना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) का केस दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर उनके साथियों और चोरी के अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में टीआई केपी यादव और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।