
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मैरिड गार्डन में लाखों रुपये की चोरी की घटना सामने आई है। एक बच्चा मेहमान बनकर शादी में शामिल हुआ और रुपयों से भरा बैग लेकर रफूचक्कर हो गया। बाणगंगा पुलिस ने उसका सीसीटीवी फुटेज भी निकाला है। घटना में राजगढ़ के कड़िया सांसी गिरोह के शामिल होने का अंदेशा है। घटना मिलन सुंदरम गार्डन (न्यू विजयनगर) की 12 मार्च की है। कॉलोनी में रहने वाले 67 वर्षीय हरीश कुमार झा द्वारा चोरी की रिपोर्ट लिखवाई गई है।
हरीश ने पुलिस को बताया कि बेटे इंद्रजीत झा की शादी थी। गार्डन दो दिन के लिए बुक किया गया था। 12 मार्च को रिसेप्शन का कार्यक्रम रखा गया था। ग्रे रंग के एक बैग में 4 लाख 80 हजार रुपये कैश, एटीएम, पर्स रखे हुए थे। रुपये कैटरिंग व टेंट वाले को देने के लिए थे। कार्यक्रम के दौरान दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर थे। सभी लोग मेहमानों के साथ फोटोग्राफी करवा रहे थे। इसी दौरान एक बच्चा स्टेज पर आया और रुपयों से भरा बैग लेकर चला गया। काफी देर बाद बैग चोरी होने की जानकारी लगी। शनिवार को मामले की शिकायत की और पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में एक बच्चा नजर आ गया है।
यह भी पढ़ें- MP में गैस की किल्लत के माहौल में चाय ठेले से भरा सिलिंडर ले उड़े चोर, गरीब महिला की रोजी पर लगा ताला
बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक अन्य वारदात सूने मकान में हुई है। चोर लाखों रुपये कीमती आभूषण और नकदी चुरा कर ले गए हैं। पुलिस के अनुसार कालिंदी गोल्ड सिटी निवासी किशन पुत्र अनिल सिंह भदौरिया द्वारा रिपोर्ट की गई है। किशन ने पुलिस को बताया कि चोर सोने के झुमके, अंगूठियां, पायल, 45 हजार कैश सहित करीब 4 लाख रुपये का सामान ले गए हैं।