
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जिले में रसोई गैस को लेकर चल रही चिंता और मारामारी के बीच एक गरीब चाय बेचने वाली महिला के ठेले से भरा हुआ एलपीजी सिलिंडर चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह सिलिंडर चोरी होने की घटना वर्षों बाद सामने आई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के इंद्रा वार्ड निवासी सविता नौरिया ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह इतवारा बाजार नरसिंहपुर में शंकर मंदिर के पास चाय का ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। शनिवार 14 मार्च की रात्रि को अज्ञात व्यक्ति उसके ठेले में रखा भरा हुआ एलपीजी गैस सिलिंडर चोरी कर ले गया। चोरों ने केवल सिलिंडर ही नहीं, बल्कि ठेले में रखा अन्य सामान भी समेट लिया। इसमें पीतल का डंका, दो केतली और अन्य बर्तन शामिल हैं।
महिला के अनुसार ठेले के दराज में रखी नकदी भी चोरी हो गई। उसने किराए के मकान के लिए 5 हजार रुपये और चाय बिक्री के करीब 1500 रुपये रखे थे, जो गायब मिले। इस तरह कुल मिलाकर करीब 20 हजार रुपये की सामग्री और नकदी चोरी हो गई। घटना के बाद महिला ने कोतवाली थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला ने अपने आवेदन में संदेह जताया है कि क्षेत्र में रहने वाला एक व्यक्ति घटना के आसपास ठेले के पास शराब के नशे में देखा गया था। उसे आशंका है कि उसी ने चोरी की घटना को अंजाम दिया होगा।
यह भी पढ़ें- मोनालिसा-फरमान शादी में नया मोड़, बड़े पापा का सनसनीखेज खुलासा, कहा- दस्तावेजों में बढ़ाई गई उम्र, 2009 की है पैदाइश
पीड़ित महिला का कहना है कि चाय का ठेला ही उसके परिवार की आय का मुख्य साधन है। वह इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। सिलिंडर और सामान चोरी हो जाने से उसका काम पूरी तरह बंद हो गया है और परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।