
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के फूटी कोठी चौराहे पर सब्जी मंडी को लेकर कांग्रेस का लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को आंदोलन हुआ। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सब्जी विक्रेता महिलाओं और 700 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन करने पहुंचे। पुलिस ने अटल पथ पर कांग्रेसियों को रोककर लौटने को कहा तो पटवारी ने दो टूक कहा कि या तो सब्जी मंडी लगेगी या सभी कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया जाए। इसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और गिरफ्तारी देने पर अड़ गए। नगर निगम अधिकारियों ने निगमायुक्त से दोबारा चर्चा कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन खत्म हुआ।
नगर निगम ने बीते सप्ताह फूटी कोठी सर्विस रोड पर लगने वाली सब्जी मंडी हटा दी थी। विक्रेताओं की मांग है कि फ्लाईओवर के नीचे बने बोगदों में उन्हें जगह दी जाए। कांग्रेस उनके समर्थन में आंदोलन कर रही है। इससे पहले आंदोलन कर रहे शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और पार्षद राजू भदौरिया पर प्रकरण दर्ज हुआ था, जबकि नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट को गिरफ्तार किया गया था।
इसके बाद जीतू पटवारी ने खुद आंदोलन में शामिल होने का ऐलान किया था। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार, नगर निगम और भाजपा पर निशाना साधा। पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों का रोजगार खत्म कर रही है। जहां सब्जी मंडी लगती थी, उसके सामने बड़ी बिल्डिंग बन रही है और भाजपा के लोग इसमें साझेदार हैं। गरीबों को कचरा समझकर हटाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- इंदौर के फूटी कोठी ब्रिज में कांग्रेस का प्रदर्शन, जीतू पटवारी बोले- गिरफ्तार करो या मंडी लगाने दो
शाम चार बजे होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुबह से ही बैरिकेडिंग शुरू कर दी थी। दोपहर तीन बजे के बाद फूटी कोठी की ओर आने वाले रास्ते चारों दिशाओं से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर पहले बंद कर दिए गए। अटल पथ की ओर से कांग्रेसियों को सुदामा नगर तक आने दिया गया, लेकिन वहां भी भारी पुलिस बल और वज्र वाहन तैनात कर दिए गए।
माइक लगी गाड़ी पर पटवारी के साथ जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सहित कई नेता मौजूद थे। महिलाएं सब्जियों की टोकरियां और सरकार व निगम के खिलाफ पोस्टर लेकर पहुंची थीं।