
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सूरज के तेवर तेज होने के साथ ही शहर में जल संकट गहराने लगा है। मंगलवार को विकास नगर क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर रहवासियों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने पार्षद सोनिला मिमरोट के साथ मिलकर सड़क पर चक्काजाम किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने खाली मटके फोड़े, महापौर और निगम परिषद के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की। रहवासी विकास नगर स्थित पानी की टंकी के पास पार्षद सोनिला मिमरोट के साथ धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है। पार्षद मिमरोट ने आरोप लगाया कि महीनों से शिकायत के बावजूद कोई सुधार नहीं हो रहा। इंटरकनेक्शन के जरिए पानी नेहरू नगर की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में पानी का प्रेशर बहुत कम हो गया है। दूषित पानी की शिकायत भी आ रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
प्रदर्शनकारियों ने निगम और एलएनटी पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई और अवैध लाइनें तत्काल काटने की मांग की। रहवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी की किल्लत ने जीना मुहाल कर दिया है, और यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे और उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
यह भी पढ़ें- MP के सरकारी भवनों पर लगेंगे सोलर पैनल, 2030 तक 50% नवकरणीय ऊर्जा का लक्ष्य