
नईदुनिया प्रतिदिन, इंदौर : राजेंद्र नगर मेन रोड पर नर्मदा जलप्रदाय परियोजना की 1200 एमएम व्यास की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज सुधार कार्य के चलते मंगलवार को शहर की 20 टंकियों से होने वाला जलप्रदाय प्रभावित रहने की आशंका है।
टंकियां पूरी क्षमता से नहीं भर पाने के कारण संबंधित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति कम हो सकती है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, सोमवार 12 अक्टूबर को राजेंद्र नगर मेन रोड पर पीएससी ग्रेविटी मेन पाइप लाइन में लीकेज सुधार कार्य के लिए नर्मदा जलप्रदाय परियोजना के प्रथम और द्वितीय चरण के सभी पंप दोपहर 3:50 बजे बंद किए गए थे।
सुधार कार्य पूरा होने के बाद रात 10:10 बजे पंप हाउस क्रमांक-5 से सभी पंप दोबारा चालू कर दिए गए। पंप बंद रहने की अवधि के कारण मंगलवार सुबह के जलप्रदाय के लिए शहर की 20 टंकियां पूरी क्षमता से नहीं भर पाएंगी। इससे इन टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में जलप्रदाय प्रभावित होने की आशंका है।
अन्नपूर्णा, स्कीम नंबर 103, छत्रीबाग, राजमोहल्ला, द्रविड़ नगर, लोकमान्य नगर, महाराणा, नरवल, अगरबत्ती, कुशवाह मोहल्ला, टिगरिया, बाणगंगा, सुभाष चौक, सदर बाजार, जिंसी हाट, मल्हार आश्रम, गांधी हाल, भक्त प्रहलाद नगर, एमओजी लाइन और जय हिंद नगर की टंकियां प्रभावित होंगी।
इंदौर : महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सोमवार को जनकार्य विभाग के माध्यम से पार्षद निधि के अंतर्गत वार्डों में कराए जा रहे विकास कार्यों की वार्डवार समीक्षा की। उन्होंने पार्षद निधि के अंतर्गत जनकार्य विभाग द्वारा वार्डों में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों के संबंध में पार्षदों से चर्चा की।
उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्य, चल रहे कार्य और लंबित और बचे हुए कार्यों की जानकारी ली। महापौर ने निर्देश दिए कि पार्षद निधि के अंतर्गत जिन विकास कार्यों के कार्यादेश हो चुके हैं, लेकिन जो काम अब तक शुरू नहीं हुई हैं उन्हें तत्काल शुरू किया जाए। जो काम अधूरे हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा में पूरा किया जाए।
जिन ठेकेदारों ने कार्यादेश जारी होने के बावजूद काम शुरू नहीं किया है उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। महापौर शहर की विभिन्न कालोनियों एवं बस्तियों में जरूरी पेचवर्क दीपावली से पहले अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं वहां रेस्टोरेशन का काम भी शीघ्रता से पूरा किया जाए, ताकि सड़कों एवं अन्य प्रभावित स्थलों को व्यवस्थित किया जा सके।
यह भी पढ़ें- MP में अब 24 घंटे में मिलेगी पाइपलाइन बिछाने की अनुमति, 5 दिन में देना होगा PNG कनेक्शन, सरकार ने दिए सख्त निर्देश