
प्रणय चौहान, इंदौर। केसरबाग रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के मोड़ की डिजाइन में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पहले डिजाइन में ज्यादा मोड़ था, जिसे अब थोड़ा कम करके सीधा कर दिया गया है। मोड़ की डिजाइन में इस बदलाव से रेलवे ओवरब्रिज के आसपास बने एक दर्जन से ज्यादा मकान टूटने से बच गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अब इस ब्रिज में तीन पिलर और बढ़ा दिए गए हैं तथा किनारे बनने वाली दीवार भी नए रूप में तैयार की जाएगी। इस पूरे मामले में पश्चिम रेलवे ने दूरदर्शिता दिखाते हुए निर्माण की शुरुआत में ही यह आवश्यक सुधार कर दिए, जिससे पूरी परियोजना अस्त-व्यस्त होने से बच गई।
रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य 30 करोड़ रुपये की लागत से लगभग छह महीने पहले शुरू हुआ था। अभी एबी रोड (स्कीम नं. 103, देवी अहिल्या न्यू क्लॉथ मार्केट) की तरफ का काम चल रहा है। कुछ पिलर खड़े भी हो गए थे, लेकिन इसी बीच जमीन के अंदर से एक पाइपलाइन निकली। यह लाइन ओवरब्रिज निर्माण वाले हिस्से में सड़क के इस पार से उस पार तक जा रही है और यहीं से ब्रिज की चढ़ाई शुरू हो रही थी।
लाइन के बारे में पता चलते ही रेलवे ने भविष्य में मिट्टी धंसने और रिसाव आदि से सुरक्षा तथा ओवरब्रिज की मजबूती के लिए डिजाइन में बदलाव का फैसला किया। रेलवे मुख्यालय से नई डिजाइन की मंजूरी ली गई, जिसके तहत दो प्रमुख निर्णय हुए। पहला, रेलवे ओवरब्रिज जहां से शुरू हो रहा था, वहां के बजाय पाइपलाइन को पार करते हुए थोड़ा आगे उतारा जा रहा है, जिसके लिए तीन पिलर बढ़ाने पड़े हैं। पहले आठ पिलर थे, जो अब 11 हो गए हैं। दूसरा, ओवरब्रिज के दोनों किनारों पर आरई वॉल की बजाय रिटेनिंग वॉल बनाई जाएगी।
आरई वॉल का उपयोग ज्यादातर फ्लाईओवर सड़क और रेलवे ओवरब्रिज के एप्रोच (ढलान वाले हिस्से) पर मिट्टी के भराव को थामने के लिए किया जाता है। वहीं, रिटेनिंग वॉल एक अधिक मजबूत संरचना होती है, जो ढलान या अलग-अलग ऊंचाई वाली जमीन पर मिट्टी, मलबा या पानी को एक तरफ रोककर रखती है और मिट्टी को खिसकने या ढहने से बचाती है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इससे भले ही वर्तमान खर्च में थोड़ी बढ़ोतरी हो, लेकिन भविष्य में किसी भी तरह की तकनीकी परेशानी नहीं होगी।
एक तरफ रेलवे ने काम को गति दे रखी है, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम का काम लगातार ढीला चल रहा है। निगम को रेलवे फाटक के पार ड्रेनेज और नर्मदा लाइन शिफ्ट करनी है, जिसके बिना इस हिस्से में ओवरब्रिज का निर्माण तेजी से नहीं हो पाएगा। ब्रिज निर्माण कंपनी ने स्कीम 103 की तरफ से काम इसी उम्मीद में शुरू किया था कि तब तक रेलवे गेट के पार की लाइनें शिफ्ट हो जाएंगी, लेकिन निगम की ओर से उस गति से काम नहीं हो रहा है। स्कीम 103 की तरफ का काम दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है, जिसके बाद फाटक के पार का काम शुरू होगा।
रेलवे ने इस ओवरब्रिज के लिए सितंबर 2025 में ठेका दिया था और इसे 18 महीने में बनकर तैयार होना था। लेकिन नर्मदा लाइन, ड्रेनेज लाइन, बिजली लाइन स्थानांतरण और अन्य सरकारी अनुमतियों में देरी के चलते नेमी इंजीनियरिंग सर्विसेस कंपनी की टीम आठ महीने तक काम शुरू नहीं कर पाई। रेलवे गेट बंद करने का फैसला भी दो-तीन बार बदलना पड़ा। हालांकि, पिछले दो महीनों से काम ने रफ्तार पकड़ी है।
केसरबाग रेलवे ओवरब्रिज के आसपास बने मकानों में होने वाली टूट-फूट को बचाने के लिए ओवरब्रिज के मोड़ में कुछ आवश्यक बदलाव किया है। मोड़ में बहुत ज्यादा परिवर्तन नहीं करते हुए थोड़ा सीधा किया गया है। इससे मकानों में टूट-फूट नहीं करनी होगी। - मुकेश कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, रतलाम मंडल
लंबाई : 740 मीटर
चौड़ाई : टू-लेन (लगभग 11.5 मीटर)
लागत : 30 करोड़ रुपये
यह भी पढ़ें- जनता पर जुर्माना और खुद बहा रहे पानी... इंदौर में फूटी नर्मदा लाइन, घंटों बहता रहा हजारों लीटर पानी