
Metropolitan Authority ईश्वर शर्मा, इंदौर। शनिवार का दिन इंदौर के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहर को मेट्रो ट्रेन की सौगात तो दी ही, इंदौर में मेट्रोपालिटन अथारिटी गठित करने की घोषणा भी कर दी। यह घोषणा इस मायने में अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि भविष्य का इंदौर कैसा होगा, यह मेट्रोपालिटन अथारिटी ही तय करेगी। इसके गठन के लिए बीते दिनों नईदुनिया और इंदौर उत्थान अभियान संस्था ने मिलकर 48 दिनों तक वैचारिक आंदोलन किया।
'नईदुनिया' ने "गहरे पानी पैठ" स्तंभ के माध्यम से शहर के प्रबुद्ध जनों की बात सरकार तक पहुंचाई। इसका प्रभाव यह रहा कि आखिरकार मुख्यमंत्री ने इंदौर का मास्टर प्लान श्रेष्ठ बने, इसके लिए मेट्रोपालिटन अथारिटी का गठन किए जाने का संकल्प लिया।
इंदौर लगातार तेजी से तरक्की कर रहा है, लेकिन अभी जो विकास कार्य हो रहे हैं, वे बेतरतीब हैं। कालोनाइजर कहीं भी कालोनी काट देते हैं, नगर निगम कहीं भी सड़क बना देता है, विकास प्राधिकरण कहीं भी योजना लांच कर देता है। कोई एक अथारिटी नहीं होने से इंदौर बहुत बिखरे हुए अंदाज में विकसित हो रहा है।
वर्ष 2050 में इंदौर की आबादी एक करोड़ को पार कर जाएगी, तब यह बेतरतीब विकास इंदौर को एक ऐसा शहर बना देगा, जो रहने लायक नहीं रह जाएगा। ऐसे में, शहर का विकास सुनियोजित ढंग से हो, इसके लिए आवश्यक है कि मेट्रोपालिटन अथारिटी का गठन। यह अथारिटी इंदौर को व्यवस्थित, प्रबंधित, नियोजित महानगर बनाने की दिशा में काम करेगी।
इंदौर का मास्टर प्लान देश में सर्वश्रेष्ठ बनें, यह भी इस अथारिटी का उत्तरदायित्व होगा। इसमें जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा गणमान्य जनों, विशेषज्ञ आर्किटेक्ट, पर्यावरणविद् सहित शहर विकास से जुड़े सभी क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे और इंदौर को सही दिशा में ले जाने को सुनियोजित काम करेंगे।
शहरवासियों को बधाई देते हुए सीएम ने कहा कि 2028 के सिंहस्थ में इंदौर से लोग मेट्रो में बैठकर महाकाल दर्शन के लिए जा सकेंगे। उन्होंने इंदौर से पीथमपुर व उज्जैन तक मेट्रो चलाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो की यात्रा टू व्हीलर से सस्ती साबित होगा। मेट्रो का सफर अमीर व गरीब के बीच भेद मिटाने वाला होगा। फोर व्हीलर व टू व्हीलर वाले भी मेट्रो में सफर करेंगे। इंदौर में अगले पांच से छह माह में मेट्रो का नियमित संचालन होगा। इंदौरवासियों से अपील है कि जब मेट्रो शुरु हो तो ज्यादा से ज्यादा लोग नियमित इसमें सफर करें।