
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे की कार गड्ढे में फंसने के बाद शहर में गड्ढों को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। चौकसे ने बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सड़क के गड्ढे में बैठकर जमकर नारेबाजी की तो निगम के जनकार्य प्रभारी राजेंद्र राठौर ने कह दिया कि शहर में अच्छी सड़कें भी तो हैं। चौकसे वहां लोट लगाएं।
मंगलवार को बाम्बे अस्पताल से रिंग रोड से जाने वाली सड़क पर चौकसे की कार फंस गई थी। बुधवार को उसी सर्विस रोड पर वे कार्यकर्ताओं के साथ कीचड़ से भरे गड्ढे में बैठे। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क को दो साल पहले ड्रेनेज लाइन डालने के लिए खोदा गया था। इसके बाद से क्षेत्रवासी परेशान हैं। सड़क की हालत इतनी खराब है कि पैदल निकलना तक मुश्किल है। यहां से रोजाना सैंकड़ों लोग गुजरते हैं। सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण आवाजाही मुश्किल हो गई है।
चौकसे ने कहा कि निगम परिषद कार्यकाल के चार साल पूरे हो गए हैं, लेकिन विकास नजर नहीं आ रहा। पूरा शहर खोदा पड़ा है। महापौर को अब तो कम से कम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आगे आना चाहिए। सड़क की स्थिति इतनी खराब रहेगी तो लोग कैसे आ-जा सकेंगे। बात सिर्फ एक सड़क की नहीं है। पूरे शहर में सड़कें बरबाद हो चुकी हैं। चौकसे ने चेतावनी देते हुए कहा कि पांच दिन में इस सड़क का काम शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
मंगलवार को बांबे अस्पताल की सर्विस रोड से गुजरते हुए चौकसे की कार कीचड़ में फंस गई थी। चौकसे ने मौके से ही वीडियो बनाकर बदहाल और कीचड़ से भरी सड़क के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव को कोसा था। स्थानीय लोगों की मदद से कार को बाहर निकाला जा सका था। चौकसे का कहना है कि सड़क सिर्फ कागज पर बन रही है।
चौकसे ने पहले जानबूझकर गाड़ी फंसाई, दूसरे दिन वहां प्रदर्शन कर दिया। एक साल पहले क्षेत्र में ड्रेनेज लाइन बिछाई गई थी। वर्षा की वजह से रेस्टोरेशन अटका हुआ है। चूंकि यह व्यवसायिक सड़क है इसलिए हमने नागरिकों से जनसहयोग की अपील की है। जनता इसके लिए तैयार भी है। शहर में कई अच्छी सड़कें हैं। चौकसे को प्रदर्शन ही करना था तो वहां बैठते। वे चाहें तो वहां बैठें, चाहें तो लोट लगाएं। - राजेंद्र राठौर, जनकार्य प्रभारी नगर निगम
इसके पहले भी जनप्रतिनिधि सड़कों की बदहाली को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। कुछ दिन पहले ही वार्ड 75 से पार्षद कुणाल सोलंकी ने पालदा सड़क की बदहाली को लेकर नागरिकों के साथ सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया था। इसके पहले निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट को सड़क की बदहाली को लेकर नागरिकों के साथ सड़क पर उतरना पड़ा था।
यह भी पढ़ें- एमपी में बदहाल सड़क बनी काल... 2 घंटे कीचड़ में फंसा रहा ट्रैक्टर, अस्पताल पहुंचने में देरी से बुजुर्ग की मौत