
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : लवकुश चौराहा पर बन रहे शहर के सबसे बड़े डबल डेकर फ्लाईओवर की दूसरी भुजा अब यातायात के लिए खोलने की तैयारी है। भुजा पर डामर बिछाने का काम पूरा किया जा चुका और वहीं लाइट भी जल चुकी है।
जल्द ही इस भुजा से वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। इससे रोजाना गुजरने वाले लाखों वाहनों को राहत मिलेगी। वाहन बिना रुके बाणगंगा की तरफ से आकर फ्लाईओवर के ऊपर से सीधे उज्जैन रोड पर पहुंच सकेंगे। चौराहा पर सिग्नल पर रुकने की जरूरत नहीं होगी।
करीब तीन साल पहले शुरू हुए इस फ्लाईओवर की खासियत यह है कि मुख्य चौराहे पर इसकी ऊंचाई करीब 23 मीटर है। इसके नीचे से मेट्रो कॉरिडोर गुजर रहा है। डबल डेकर संरचना के कारण फ्लाईओवर और मेट्रो कॉरिडोर को एक ही चौराहे पर समायोजित किया गया है।
डबल डेकर फ्लाईओवर की दूसरी भुजा शुरू होने के बाद शहर की ओर से आने वाले वाहनों को राहत मिलेगी। इससे लवकुश चौराहे पर वाहनों का दबाव घटने और पीक समय में जाम की स्थिति में सुधार होगा। गौरतलब है कि 173 करोड़ की लागत से 1454 किमी लंबा फ्लाईओवर बनाया गया है। छह लेन के फ्लाईओवर में 400-400 टन वजनी दो ब्रिज स्टिंग लगाई गई हैं। मुख्य चौराहा के अलावा अन्य पियर में सीमेंट के सेगमेंट बनाए गए हैं।
हालांकि उज्जैन रोड की ओर से उतरने वाले हिस्से पर यातायात सुरक्षा को लेकर सावधानी जरूरी होगी। फ्लाईओवर से उतरते ही सड़क के कट के कारण वाहनों के आपस में टकराने और ब्लैक स्पॉट बनने का खतरा है। ऐसे में संबंधित हिस्से का कट बंद कर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित करने की जरूरत होगी। हालांकि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अरविंदों के सामने वाले कट को बंद करने का निर्णय हो चुका है।
फ्लाईओवर की उज्जैन रोड से बाणगंगा जाने वाली भुजा का निर्माण पहले हो चुका है। इस भुजा को 24 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया था। इसके बाद से ही दूसरी भुजा को शुरू करने की कवायद की जा रही है। हालांकि डामर और लाइटिंग जैसे काम समय पर नहीं होने से इसका अब तक शुरू नहीं किया जा सका है। अब सभी कार्य पूरे हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर को मिली बड़ी सौगात, लवकुश चौराहे पर प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर की पहली लेन शुरू, जाम से मिलेगी मुक्ति