
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पलास परिसर में रहने वाली 20 वर्षीय अंजलि थापा ने 8वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। उसका लिव-इन पार्टनर अजय मुंडे से शराब के नशे में झगड़ा हो गया था। दोनों दिल्ली से छह दिन पूर्व ही इंदौर आए थे और किराये के फ्लैट में रहने लगे थे। पुलिस ने अजय को हिरासत में ले लिया है।
तेजाजी नगर टीआई देवेंद्र मरकाम के अनुसार घटना बी-ब्लॉक के फ्लैट (801) की है। मूलतः चमोली (उत्तराखंड) निवासी अंजलि दिल्ली में स्पा में काम करती थी। कुछ साल पूर्व अजय पुत्र राजेंद्र मुंडे निवासी समयपुर, मेरठ (उप्र) से उसकी दोस्ती हुई और दोनों साथ रहने लगे। 18 अक्टूबर को अजय और अंजलि इंदौर आए और पलास परिसर में किराये से फ्लैट ले लिया। उन्होंने रहवासियों को पीथमपुर में नौकरी करना बताया था।
टीआई के मुताबिक अजय ने पूछताछ में बताया कि तीन दिन से दोनों में लड़ाई हो रही थी। शनिवार को दोनों ने शराब पी ली और कहासुनी होने लगी। अजय कुछ काम से किचन में गया और इसी दौरान अंजलि ने बालकनी से छलांग लगा दी।
रहवासी संघ अध्यक्ष (आरडब्ल्यूए) अभिषेक दुबे और अन्य रहवासी अंजलि को गंभीर अवस्था में राऊ स्थित मैक्सवेल अस्पताल ले गए, जहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया। एमवायएच के डॉक्टर ने अंजलि को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अजय को हिरासत में ले लिया है।
यह भी पढ़ें- फिरोज खान की काली कमाई बढ़कर 68 करोड़, महिला मित्र के नाम मिली 2.30 करोड़ की जमीन, अब तक 51 संपत्तियां उजागर
टीआई के अनुसार अजय ने पूछताछ में बताया कि वह मजदूरी करता है, जबकि अंजलि स्पा में काम करती थी। उसकी मां ने भी दूसरी शादी कर ली है और वह अपने स्वजनों के संपर्क में नहीं थी। अजय ने पूछताछ में यह भी बताया कि अंजलि तीन दिन से किसी से फोन पर बात कर रही थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।