
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गाय चोरी के आरोप में युवक को पीट-पीट कर मारने वाले गुंडों को विधायक समर्थकों का संरक्षण मिल रहा था। वारदात के बाद विधायक के इशारे पर थाने में सरेंडर कराया गया है। पूछताछ में कथित तौर पर हिंदू संगठन से जुड़े नेताओं के नाम भी सामने आए हैं। कुछेक तो लव जिहाद और गौ तस्करी की आड़ में अवैध वसूली करते हैं।
देवास नाका निवासी चंदर लोहार की तलावली चांदा निवासी सूरज जाट और भुरू यादव की गैंग ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। चंदर पर भुरू की गाय चुराने का आरोप लगाया गया था। उसके खिलाफ चोरी की रिपोर्ट भी लिखवा दी थी। लसूड़िया पुलिस ने गुरुवार रात भुरू यादव और कुणाल यादव (नंदा नगर) की गिरफ्तारी दर्शा दी। पुलिस ने मुखबिर और मोबाइल लोकेशन के आधार पर गिरफ्तार करने का दावा किया है।
जबकि कुणाल भाजपा नेताओं से जुड़ा है। भाजपा विधायक और उनके समर्थकों का संरक्षण है। दबाव बनाने पर उसे अंकित यादव ने सरेंडर करवाया है। अंकित का रिश्तेदार बिट्टू भी वारदात में बताया जा रहा है। उधर पुलिस सूरज की तलाश में दबिश दे रही है। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया है। पुलिस ने सूरज की पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
सूरज जाट के बारे में पता चला कि वह शराब ठेकेदारों से जुड़ा है। एमआर-10, लसूड़िया, कनाड़िया, पलासिया क्षेत्र में अवैध शराब बेचने वालों को धमका कर उनसे रुपये वसूलता है। सूरज ने करीब 100 युवकों की गैंग बना ली है। ठेकेदार से शराब न खरीदने वालों को अगवा तक कर लेता है।
सूरज जाट के खिलाफ विभिन्न थानों में आपराधिक केस दर्ज हैं। उसने कुछ साल पूर्व नंदा नगर में कांग्रेस नेता के घर भी हमला कर दिया था। इस वारदात में भी सूरज को भाजपा नेताओं द्वारा पेश करवाया गया था। उधर जांच में पता चला कि चंदर पर हमला करने वालों में कथित रूप से हिंदू संगठन का नेता बताने वाले कुछ आपराधिक तत्व भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- Indore Crime News: हत्यारे ने कबूला, रातभर पत्नी की लाश के पास बैठा रहा, सुबह होते ही फरार हुआ