रीवा से भागकर इटारसी पहुंचे प्रेमी जोड़े ने पिया जहर; 3 साल से चल रहा था अफेयर, परिवार की नाराजगी पर उठाया कदम
रीवा से इटारसी पहुंचे युवक और नाबालिग किशोरी ने रेल लाइन किनारे जहरीली दवा पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों के परिवार प्रेम संबंध के खिलाफ थे।
Publish Date: Wed, 16 Sep 2026 06:05:28 PM (IST)Updated Date: Wed, 16 Sep 2026 06:05:28 PM (IST)
घटना के बाद दोनों मरीजों का अस्पताल में इलाज जारी है। नईदुनिया।HighLights
- रीवा से इटारसी पहुंचे युवक और नाबालिग किशोरी ने सुसाइड की कोशिश की
- रेल लाइन किनारे जहरीली दवा पीकर आत्महत्या का प्रयास किया, दोनों अचेत मिले
- पुलिस ने दोनों को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल पहुंचाया, युवक की हालत गंभीर
नईदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। रीवा जिले के मनगंवा निवासी एक प्रेमी प्रेमिका ने बुधवार दोपहर रेलवे लाइन किनारे जहरीली दवा पीकर एक साथ आत्महत्या करने का प्रयास किया। दोनों को रेल लाइन किनारे बेदम हालत में देख एक रेलकर्मी ने पुलिस को खबर दी, जिसके बाद पुलिस एफआरबी एवं एम्बुलेंस की टीम ने दोनों को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर उनके परिवार एवं रीवा पुलिस से संपर्क किया गया है।
प्रेम प्रसंग का मामला
जानकारी के अनुसार युवक अपनी नाबलिग कथित प्रेमिका के साथ गांव से ट्रेन द्वारा इटारसी भागकर आए थे, यहां आने पर दोनों ने परिवारों की नाराजगी और प्रेम प्रसंग में असफल होने के तनाव को लेकर एक कीटनाशक विक्रेता के यहां से जहरीली दवा खरीदी।
इसके बाद दोनों गरीबी लाइन स्थित रेल लाइन किनारे पहुंच गए और यहां दोनों ने जहर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। इसी दौरान एक रेलकर्मी ने दोनों की हालत बिगड़ती देख उन्हें पुलिस की सहायता से शासकीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल पहुंचाया जहां दोनों का उपचार जारी है।
युवक की हालत गंभीर
किशोरी की हालत खतरे से बाहर है, वहीं युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। किशोरी के अनुसार वह एवं अनूप शुक्ला नामक युवक रीवा जिले के निवासी है, दोनों के बीच पिछले 3 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था, दोनों के घरवाले इस रिश्ते से खुश नहीं थे, इसी बात पर दोनों बिना बताए रीवा स्टेशन से ट्रेन में बैठकर इटारसी भागकर आ गए थे।
घरवालों की नाराजगी से उठाया कदम
युवक और किशोरी को इस बात का तनाव था कि वह अपने प्रेम प्रसंग में सफल नहीं हो पाए हैं। दोनों के स्वजन इस बात से नाराज चल रहे हैं, इसलिए दोनों ने साथ जीने और साथ मरने के फिल्मी अंदाज में रेल लाइन किनारे जहर पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
अस्पताल में प्रेमी युगल का इलाज करने वाले डा सिमरनजीत सिंह गंभीर ने बताया कि दोनों ने टू फोर डी हर्मी साइड नामक कीटनाशक दवा का सेवन किया है। युवक ने करीब 450 मिली एवं किशोरी ने 50 मिली दवा का सेवन किया है।
पुलिस जांच में पता चला है कि किशोरी युवक की किसी दुकान में ही काम करती थी जहां दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया, दोनों के परिवारों को उनका रिश्ता नागवार गुजर रहा था।