
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बीना और आगासौद स्टेशनों पर यार्ड रीमाॅडलिंग के चलते अक्टूबर में जबलपुर से चलने और जबलपुर होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इनमें रीवांचल एक्सप्रेस, वेरावल-जबलपुर एक्सप्रेस और जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस शामिल हैं।
कुछ ट्रेनों को निर्धारित मार्ग के बजाय कटनी-जबलपुर-इटारसी होकर चलाया जाएगा, जबकि गोंडवाना एक्सप्रेस को कटनी-ओहन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के रास्ते संचालित किया जाएगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अक्टूबर में यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के मार्ग और परिचालन की स्थिति जांचने की अपील की है।
पश्चिम मध्य रेलवे के बीना और उत्तर मध्य रेलवे के आगासौद स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए दोनों स्टेशनों के यार्ड में रीमाॅडलिंग का काम चल रहा है। इसके लिए प्री-नान इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलाॅकिंग कार्य एक सितंबर से 15 अक्टूबर तक निर्धारित है।
जबलपुर के यात्रियों के लिए सबसे अहम बदलाव 12185 रीवा-रानी कमलापति रीवांचल एक्सप्रेस और 12186 रानी कमलापति-रीवा रीवांचल एक्सप्रेस में होगा। दोनों ट्रेनें आठ से 14 अक्टूबर तक सात-सात सेवाओं में परिवर्तित मार्ग से चलेंगी।
रीवा से रानी कमलापति जाने वाली ट्रेन कटनी जंक्शन से जबलपुर और इटारसी जंक्शन होकर चलेगी। वापसी में रानी कमलापति से रीवा जाने वाली ट्रेन इटारसी-जबलपुर-कटनी होकर संचालित होगी। इससे जबलपुर आने-जाने वाले यात्रियों को निर्धारित अवधि में मार्ग में बदलाव के साथ यात्रा करनी होगी।
11465 वेरावल-जबलपुर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस 10 और 12 अक्टूबर को भोपाल-इटारसी होकर चलेगी। वहीं 11466 जबलपुर-वेरावल एक्सप्रेस नौ और 12 अक्टूबर को जबलपुर से रवाना होकर इटारसी-भोपाल के परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी।
जबलपुर से दिल्ली की ओर जाने वाली 22181 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस की आठ अक्टूबर की सेवा भी प्रभावित रहेगी। यह ट्रेन जबलपुर से रवाना होकर कटनी जंक्शन-ओहन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के परिवर्तित मार्ग से चलेगी।
रीमॉडलिंग के दौरान कई ऐसी ट्रेनें भी हैं जिन्हें बीना के बजाय जबलपुर होकर चलाया जाएगा। इनमें 13025 हावड़ा-भोपाल, 13026 भोपाल-हावड़ा, 11631 भोपाल-धनबाद, 11632 धनबाद-भोपाल, 11633 भोपाल-चोपन, 11634 चोपन-भोपाल, 22165 भोपाल-सिंगरौली और 22166 सिंगरौली-भोपाल एक्सप्रेस शामिल हैं।
इन ट्रेनों के निर्धारित फेरों में परिवर्तित मार्ग इटारसी-जबलपुर-कटनी साऊथ-न्यू कटनी जंक्शन अथवा इसके विपरीत रहेगा। इससे जबलपुर स्टेशन पर इन ट्रेनों का परिचालन और ठहराव यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के वास्तुशास्त्री की कार में लगाई आग, पड़ोसियों ने फोन करके दी सूचना