नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर जिले के बरगी विधानसभा के बेलखेड़ा से प्रदेश की लाडली बहनों को जून माह की राशि खातों में भेजी। सिंगल क्लिंक से मुख्यमंत्री ने प्रदेश की एक करोड़ 27 लाख बहनों के खाते में 1551 करोड़ 44 लाख रुपये डाले। मुख्यमंत्री ने इस दौरान रक्षाबंधन पर बहनों को 1250 के साथ 250 रुपये का शगुन भी देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि महिला रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाए। इसके अलावा बेलखेड़ा में शासकीय कालेज खोलने की घोषणा की।
डॉ. यादव बेलखेड़ा में राज्य स्तरीय लाड़ली बहना एवं महिला सम्मेलन में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, संबल योजना और सिलेंडर रिफिलिंग योजना में हितग्राहियों के खातों में जून माह की राशि अंतरित की। इस दौरान 22 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्यो का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना की 25वीं किश्त दी है। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि डेढ़ साल की सरकार में 1550 करोड़ रुपये बहनों को देकर हर माह रक्षाबंधन मनाया है। अब तक 30 हजार करोड़ बहनों के खाते में डाले जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बहनों को पैसा देने को लुटाना कहते हैं हम कहते हैं ये पैसा बहनों का है। डॉ. यादव ने कहा कि बहनों का आशीर्वाद मिल जाए तो जीवन धन्य हो जाए। लाड़ली बहना योजना से महिलाओं के जीवन में बदलाव की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं इस योजना से पैसे तो बचा ही रहीं हैं व्यापार भी कर आत्मनिर्भर बन रही है। उन्होंने कहा कि बरगी विधानसभा में आत्मनिर्भर बहनों के साथ प्रदेश का विकास होगा।
ये भी पढ़ें- घर के बाहर खेल रहे 7 वर्षीय बच्चे पर तेंदुए का हमला, हुई मौत...परिजनों को मिलेगा 8 लाख का मुआवजा
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 27 लाख से अधिक बहनों को सिलेंडर रीफिलिंग की 39.14 करोड़ की राशि, 56.85 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को 341 करोड़ की राशि और संबल योजना में 6,821 श्रमिक परिवारों को 150 करोड़ की अनुग्रह राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री डा.यादव ने कहा कि गांव में गरीब के घर की छत बारिश में टपकती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी को पक्की छत देने का साहस किया। मोदी सरकार ने हर घर नल जल योजना दी ताकि महिलाओं को दूर नदी-तालाब, नलकूंप से पानी भरकर न लाना पड़े। कांग्रेस के समय में घर में चूल्हा जलाने पर महिलाओं के आंख से आंसू निकल जाते थे। प्रधानमंत्री ने उज्जवला योजना में गैस कनेक्शन देकर आंखों में आने वाले धुंए से छुट्टी दिलाने का काम प्रधानमंत्री ने किया है। सेना में भी महिलाओं को बराबरी देने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो उनका स्वागत में आदिवासी नृत्यक पारम्परिंक वेषभूषा के साथ आए। यह देख मुख्यमंत्री डॉ. यादव उनके बीच पहुंचे और खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। मुख्यमंत्री ने मृदंग भी बजाया।