27 फीसदी ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट में नहीं हुई सुनवाई; एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने उठाए सवाल
एसोसिएशन ने आशंका जताई है कि सरकार को अपनी एसएलपी खारिज होने का भय है, इसलिए वह मामले की सुनवाई आगे बढ़ाने में रुचि नहीं दिखा रही।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 07:50:48 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 07:50:47 PM (IST)
सरकार की एसएलपी पर नहीं हुई सुनवाई,HighLights
- सरकार की एसएलपी पर नहीं हुई सुनवाई
- एडवोकेट्स वेलफेयर का सरकार पर सवाल
- जानबूझकर प्रक्रियात्मक कमियां रखी गईं
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्य प्रदेश में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का मामला एक बार फिर चर्चा में है। राज्य सरकार द्वारा हाई कोर्ट के फैसले के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट में दायर विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) की सुनवाई के लिए प्रभावी पहल नहीं किए जाने पर ओबीसी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने सवाल उठाए हैं।
एसोसिएशन ने आशंका जताई है कि सरकार को अपनी एसएलपी खारिज होने का भय है, इसलिए वह मामले की सुनवाई आगे बढ़ाने में रुचि नहीं दिखा रही। एसोसिएशन के अनुसार मीडिया में एसएलपी में प्रक्रियात्मक डिफाल्ट की खबरें प्रकाशित होने के बाद सरकार ने कुछ कमियां दूर कीं, लेकिन सुनवाई के लिए आवश्यक अन्य प्रक्रियाएं अब भी पूरी नहीं की गई हैं।
इनमें सभी कैविएटकर्ताओं को एसएलपी की प्रति अग्रिम रूप से उपलब्ध कराना और याचिका की प्रति दिए जाने के संबंध में आवश्यक घोषणा-पत्र प्रस्तुत करना शामिल बताया गया है। एसोसिएशन का दावा है कि इन औपचारिकताओं के अभाव में प्रकरण सुनवाई के लिए अपडेट नहीं हो पा रहा है।
जानबूझकर प्रक्रियात्मक कमियां छोड़ी- रामेश्वर सिंह
वरिष्ठ अधिवक्ता रामेश्वर सिंह ठाकुर का आरोप है कि सरकार ने जानबूझकर प्रक्रियात्मक कमियां छोड़ी हैं, ताकि सुनवाई टलती रहे। उनका कहना है कि सरकार चाहती है कि पहले किसी अन्य पक्ष की ओर से दायर एसएलपी पर सुनवाई हो। यदि वह खारिज होती है तो सरकार पर ओबीसी आरक्षण का विरोध करने का आरोप नहीं आएगा।
ठाकुर ने आशंका जताई कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में प्रकरण लंबित होने का हवाला देकर ओबीसी वर्ग को आश्वासन देती रहेगी और यह स्थिति 2028 के विधानसभा चुनाव तक जारी रख सकती है। एसोसिएशन ने सरकार से स्पष्ट करने की मांग की है कि अपनी ही एसएलपी में सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।