
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शनिवार से तीन दिवसीय प्रवास पर जबलपुर में हैं। 24 से 26 अक्टूबर तक के इस प्रवास में वे संघ के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर स्वयंसेवकों और दायित्ववान कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
लगभग ढाई किलोमीटर लंबे इस संचलन में तीन हजार स्वयंसेवक शामिल हुए। संचलन निर्धारित मार्ग से होते हुए अहिंसा चौक पर समाप्त हुई। शाम 4:30 बजे डॉ. भागवत नरसिंह मंदिर परिसर में महानगर के मुख्य शिक्षक एवं उनसे ऊपर के करीब 1200 दायित्ववान कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे।
23 अक्टूबर से श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में महाकोशल प्रांत के महाविद्यालयीन स्वयंसेवकों का तीन दिवसीय शिविर शुरू हो चुका है, जिसमें करीब पांच हजार स्वयंसेवक शामिल हो रहे हैं। शिविर के दौरान सरसंघचालक युवा स्वयंसेवकों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे।
शनिवार को पथ संचलन के बाद होने वाली बैठक में डॉ. भागवत कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यों से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन भी देंगे। महाविद्यालयीन स्वयंसेवकों के शिविर में युवाओं के साथ संवाद प्रवास का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।
प्रवास के दूसरे दिन, 25 अक्टूबर को डा. भागवत महाकोशल प्रांत के महाविद्यालयीन स्वयंसेवकों के शिविर में सहभागी होंगे। वहीं, 26 अक्टूबर को संघ की महाकोशल प्रांत कार्यकारिणी और विभाग टोली के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
श्रीराम कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महाकोशल प्रांत की ओर से भारत के महान विज्ञानियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है। शुक्रवार को इसका शुभारंभ आरएसएस महाकोशल प्रांत के प्रांत संघचालक डॉ. प्रदीप दुबे, मध्य क्षेत्र के सह क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख हितानंद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया। प्रदर्शनी के माध्यम से भारतीय विज्ञानियों के योगदान को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
यह भी पढ़ें- उत्तरी हवा के जोर से चार डिग्री गिरा पारा, जबलपुर व संभाग के जिलों में फिर बदलेगा मौसम