
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। अक्टूबर के अंतिम दौर में ठंड ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। सर्द हवा के जोर से बीते 48 घंटे के दौरान रात का न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक नीचे आ गया है जबकि हवा का रुख उत्तर-पूर्वी हो गया है।
उत्तरी हवा से सुबह और रात में गुलाबी ठंडक महसूस की जा रही है। रात में अब लोग गर्म कपड़े पहनकर निकलते देखे जा रहे हैं।
मौसम विभाग की माने तो आगामी तीन दिनों के बाद मौसम की रंगत बदल भी सकती है। बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है इससे जबलपुर सहित आस-पास के जिलों में हल्के बादल छा सकते हैं।
बहरहाल उत्तर-पूर्वी हवा से वातावरण में ठंडक घुलने लगी है। दिन के समय धूप से मौसम सामान्य बना हुआ है, रात में ठंड का असर बढ़ रहा है। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के बीच मध्य प्रदेश के मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने और गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा के आसार बन रहे हैं।
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी एवं उससे लगे मध्यवर्ती भाग के ऊपर बने ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती एवं उससे लगे दक्षिण-पूर्वी भाग में निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है।इसके उसी क्षेत्र में बने रहने से शनिवार को अवदाब में तीव्र होने की प्रबल संभावना है।
26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में तीव्र होने की बहुत अधिक संभावना है। इसके प्रभाव से जबलपुर का मौसम भी कुछ हद तक प्रभावित हो सकता है।
यह भी पढ़ें- नर्सिंग फर्जीवाड़ा में हाई कोर्ट का निर्देश, अपात्र काॅलेजों के छात्रों की शिफ्टिंग के लिए नया माड्यूल