
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। आयुष्मान भारत योजना के तहत निश्शुल्क इलाज के दावे के बीच शहर के आशीष हास्पिटल में एक मरीज से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में मामला सही पाए जाने के बाद अब संबंधित डाॅ अंकुर बंसल पर गाज गिर सकती है। मरीज बेलो बाई के हाथ की सर्जरी भी उसी ने की। मरीज के स्वजन की शिकायत थी कि डाॅ. अंकुर ने आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी राशि देने का दबाव बनाया था।
मामला कुछ दिन पहले का है। जब गरीब उमरिया शहपुरा निवासी बेलो बाई के हाथ की सर्जरी आशीष हास्पिटल में हुई। मरीज के पास आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद हास्पिटल प्रबंधन ने उससे 30,000 रुपये वसूल लिए। मरीज के स्वजनों ने इसकी शिकायत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में की थी और एक आडियो भी बनाकर बहुप्रसारित कर दिया था। इस तरह मामला चर्चाओं में आया।
शिकायत मिलते ही सीएमएचओ डा. नवीन कोठारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो सदस्यीय जांच टीम गठित की। इस टीम में डा. केके वर्मा व अरूण शाह शामिल थे। टीम ने आशीष हास्पिटल पहुंचकर मरीज के दस्तावेज, आयुष्मान कार्ड, बिलिंग रसीद और हास्पिटल के रिकार्ड की जांच की।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच में स्पष्ट हुआ है कि मरीज आयुष्मान योजना के लिए पात्र था और उसकी बीमारी भी योजना में शामिल थी। इसके बावजूद हास्पिटल ने निश्शुल्क उपचार करने के बजाय स्वजनों से नकद राशि ले ली, जो कि आयुष्मान योजना के नियमों का सीधा उल्लंघन है। नियम के अनुसार, आयुष्मान कार्डधारी मरीज से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जा सकता। सभी खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाता है।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने अपनी जांच रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भोपाल को भेज दी है। रिपोर्ट में आशीष हास्पिटल और संबंधित डा अंकुर बंसल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। इस संबंध में सीएमएचओ कार्यालय ने बताया, हमने पूरी जांच कर रिपोर्ट भोपाल भेज दी है। इसमें हास्पिटल द्वारा आयुष्मान मरीज से अवैध वसूली की पुष्टि हुई है। अब हम मुख्यालय से निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। निर्देश मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, अगर मुख्यालय से अनुमति मिलती है तो हास्पिटल का आयुष्मान योजना से पंजीयन रद्द किया जा सकता है, साथ ही वसूली गई राशि पर 5 गुना तक जुर्माना और डाक्टर का लाइसेंस निलंबित करने जैसी कार्रवाई भी हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी भी निजी हास्पिटल में आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी राशि मांगे जाएं तो तुरंत 104 या सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत करें।
बेलो बाई के स्वजनों ने शिकायत की थी कि आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी डाक्टर अंकुर बंसल और आशीष अस्पताल ने उपचार के नाम पर 30 हजार रुपये मांगे थे, और दिए गए। शिकायत के बाद अस्पताल के रिकार्ड की जांच में यह बात पूरी तरह सही पाई गई की मरीज से राशि ली गई है। हमने जांच रिपोर्ट भोपाल भेज दी है और अब निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।
डाॅ. नवीन कोठारी, सीएमएचओ