
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: संस्कारधानी जबलपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ गया है। शहर के नागरिकों को जाम और प्रदूषण से राहत दिलाने के साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी देने के उद्देश्य से 45 पीएम ई-बस और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना की 55 बसों समेत कुल 100 नई बसों का गुरुवार को भव्य शुभारंभ किया गया।
अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आइएसबीटी) में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, सांसद आशीष दुबे, विधायकगण अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी, डा अभिलाष पांडे, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना किया।
पीएम ई-बस सेवा के तहत शहर के सात प्रमुख मार्गों पर बसों का संचालन शुरू किया गया है। जो मदर टेरेसा नगर से रांझी घाना (वाया घमापुर), आइएसबीटी से तिलवारा घाट, आइएसबीटी से गौरीघाट, रेलवे स्टेशन से पनागर , आइएसबीटी से बरेला (वाया तीन पत्ती), रेलवे स्टेशन से भेड़ाघाट वाया अंधमूक बायपास और आइएसबीटी से डुमना एयरपोर्ट (वाया रेलवे स्टेशन) शामिल हैं।
सांसद आशीष दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत शहर को पड़ोसी जिलों और प्रमुख कस्बों से जोड़ने के लिए नई बसों की शुरुआत की गई है। इंटर सिटी मार्ग जबलपुर से छिंदवाड़ा छह बसें, जबलपुर से बालाघाट दो बसें तथा जबलपुर से सागर दो बसें, अंतरशहरी मार्ग जबलपुर से कटंगी दो बसें, जबलपुर से मझौली दो बसें एवं जबलपुर से सिहोरा दो बसें संचालित होंगी।
कार्यक्रम में बताया गया कि निकट भविष्य में जबलपुर को 69 और पीएम ई-बसें मिलने की योजना है। इनके शामिल होने के बाद शहर और उपनगरीय क्षेत्रों में करीब 150 बसों का नेटवर्क संचालित होगा। इससे प्रमुख मार्गों पर सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर से छूटी रीवा शटल में दोस्ती, सिहोरा में आई नींद, मोबाइल चुराकर यूपीआई से 20 हजार रुपये निकाले