
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्य प्रदेश के युवाओं को विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव देने के लिए मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (एमपीपीजीसीएल) ने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत 559 ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग के अवसर उपलब्ध कराए हैं।
12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा या स्नातक उत्तीर्ण पात्र युवा कंपनी के मुख्यालय और प्रदेश के विभिन्न जल एवं ताप विद्युत गृहों में एक वर्ष तक प्रशिक्षण ले सकेंगे। प्रशिक्षणार्थियों को पात्रता के अनुसार प्रतिमाह आठ से 10 हजार रुपये तक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के लिए इलेक्ट्रीशियन, इंफॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी एवं सिस्टम मेंटेनेंस, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, स्टेनो हिंदी-अंग्रेजी, सिविल इंजीनियरिंग, मानव संसाधन और अकाउंट्स सहित विभिन्न कार्यक्षेत्र निर्धारित किए गए हैं।
ऑनलाइन आवेदन के बाद निर्धारित पात्रता के आधार पर प्रशिक्षणार्थियों का चयन होगा। चयनित युवाओं को उनकी कार्यश्रेणी और जिले के अनुरूप कंपनी के विद्युत गृहों व कार्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण शुरू होने के एक माह बाद पात्र प्रशिक्षणार्थियों को आठ से 10 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलना शुरू होगा। प्रशिक्षण की अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है।
आवेदन के लिए मध्यप्रदेश का स्थानीय निवासी होना जरूरी है। आवेदक की आयु 18 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। संबंधित प्रशिक्षण के अनुसार 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा या स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 23 सितंबर से शुरू हो चुकी है और 15 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन किए जा सकेंगे।
आवेदन मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के आनलाइन पोर्टल पर आवेदन पोर्टल के माध्यम से करना होगा। पंजीयन के लिए समग्र आईडी और आधार की ई-केवाईसी आवश्यक है। ये पद प्रशिक्षण के लिए हैं, इन्हें नियमित नौकरी या स्थायी रोजगार नहीं माना जाएगा। आवेदन में परेशानी होने पर अभ्यर्थी संबंधित जिला स्तरीय आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- छिंदवाड़ा कफ सीरप कांड के आरोपी डॉ. प्रवीण सोनी को राहत नहीं, 27 मृत बच्चों के अभिभावकों को पक्षकार बनाने के निर्देश