
नई दुनिया प्रतिनिधि जबलपुर। कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने बड़े स्तर पर संगठनात्मक कार्रवाई की है। इसके तहत अनूपपुर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेन्द्र मिश्रा को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।
युवा कांग्रेस की ओर से जारी कार्रवाई के अनुसार, प्रदेश संगठन के 5 उपाध्यक्ष, 14 महासचिव और 32 सचिवों के साथ ही 9 जिलाध्यक्षों को भी निलंबित किया गया है। इस कार्रवाई से प्रदेशभर के युवा कांग्रेस संगठन में हलचल मच गई है।
निलंबित जिलाध्यक्षों की सूची में अनूपपुर के मानवेन्द्र मिश्रा के अलावा मैहर, आगर मालवा, नीमच, बुरहानपुर, गुना, बड़वानी, छतरपुर और भिंड के जिलाध्यक्षों के नाम शामिल हैं।
संगठन की इस कार्रवाई को पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

दिल्ली के कार्यक्रम में अनुपस्थिति के आधार पर इतने बड़े पैमाने पर हुई कार्रवाई ने युवा कांग्रेस के भीतर सक्रियता और संगठन के प्रति जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

यह भी पढ़ें- जबलपुर में प्रतिबंधित काॅरिडोर में नियम विरुद्ध निर्माण पड़ा भारी, 3610 से अधिक नोटिस जारी