
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे मंडल जबलपुर की आरपीएफ एस्कॉर्ट पार्टी ने गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस काशी एक्सप्रेस (15018) में फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों को डरा-धमका रहा था।
हेड कांस्टेबल राजवीर और कांस्टेबल मुकेश कुमार की सतर्कता से टिकट चेक करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर यात्रियों को ठगी से बचा लिया।
19-20 नवंबर की रात जबलपुर से इटारसी तक अनुरक्षण ड्यूटी के दौरान आरपीएफ को पिपरिया स्टेशन के पास सूचना मिली कि सेकेंड जनरल कोच में एक व्यक्ति टीटीई बनकर टिकट चेक कर रहा है। तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी अनिल कुमार महोबिया को पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह करेली स्टेशन से ट्रेन में चढ़ा था। उसके पास न विभागीय पहचान पत्र था और न ड्यूटी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज। यात्रियों ने बताया कि वह उन्हें नींद से जगाकर टिकट मांग रहा था और टिकट प्रस्तुत न करने पर अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी दे रहा था।
आरपीएफ ने तुरंत जबलपुर मुख्यालय को सूचना दी। इटारसी में आरपीएफ पोस्ट और जीआरपी को सौंपने के बाद क्षेत्राधिकार स्पष्ट होने पर अधिकारी के आदेश पर आरोपी को जीआरपी थाना गाडरवारा के सुपुर्द किया गया। आरोपी नरसिंहपुर के बरमान कलां स्थित शारदा कॉलोनी का निवासी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में मकान-दुकान में भीषण आग, घर में नहीं था कोई; अचानक उठने लगा धुआं