
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कछपुरा मालगोदाम के समीप गणेश नगर में एक मकान और दुकान में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में उसने पूरे मकान और दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलने पर नगर निगम के तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक मकान और दुकान में रखा फर्नीचर, घरेलू सामान, सौंदर्य प्रसाधन, किराना सामग्री और करीब तीन लाख रुपये की नकदी जलकर खाक हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकान में आरपी तिवारी रहते हैं। दोपहर के समय वे मकान में ताला लगाकर किसी काम से बाजार गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मकान के अंदर से काले धुएं का गुबार उठने लगा।
कुछ ही देर में आग की लपटें बाहर दिखाई देने लगीं। आग तेजी से फैलती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल मकान मालिक को सूचना दी और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लेकिन आग की लपटें लगातार तेज होती गईं और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलते ही नगर निगम का दमकल अमला तीन वाहनों के साथ मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ उसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। करीब दो घंटे बाद आग पूरी तरह नियंत्रित हो सकी।
मकान मालिक आरपी तिवारी के अनुसार आग में गृहस्थी का सामान, फर्नीचर, किराना सहित दुकान की अन्य सामग्री जल गई। इसके अलावा घर में रखी करीब तीन लाख रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। एक कमरे में रखा घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया।
नगर निगम के अनुसार प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह घर के मंदिर में रखा दीपक माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में किशोर की चाकुओं से गोदकर हत्या, सात आरोपियों को नागपुर भागने से पहले ही किया गिरफ्तार