
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर के उखरी रोड स्थित गैलेक्सी मल्टीस्पेशलिटी हास्पिटल के पीडियाट्रिक सर्जरी सेंटर में चिकित्सकों ने एक जटिल ऑपरेशन कर पांच साल के बच्चे की जान बचा ली।
बच्चे की डुओडेनम (छोटी आंत के शुरुआती हिस्से) में लंबे समय से एक नुकीली लोहे की कील दो माह से फंसी हुई थी। परिजनों के अनुसार बच्चे ने खेलते-खेलते गलती से कील निगल ली थी, जो आंत में फंस गई और धीरे-धीरे वहीं जम गई।
एक्स-रे जांच में पेट में कील साफ दिखाई दी। मामला गंभीर था क्योंकि नुकीली कील से आंत फटने और इंफेक्शन फैलने का खतरा था।
हाॅस्पिटल के प्रबंधन के अनुसार इस चुनौतीपूर्ण केस को पीडियाट्रिक सर्जन डाॅ. आर.एस. सिसोदिया और डाॅ. अभिषेक तिवारी, डाॅ. नंदन शर्मा की टीम ने गंभीरता से लिया। एडवांस्ड पीडियाट्रिक क्रिटिकल केयर एवं आईसीयू सेंटर में सावधानीपूर्वक सर्जरी कर डुओडेनम से कील को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
गैलेक्सी हास्पिटल के एडवांस्ड कार्डियक, क्रिटिकल केयर एंड ट्रामा सेंटर के साथ-साथ पीडियाट्रिक सर्जरी सेंटर में बच्चों की जटिल सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है। चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को छोटी और नुकीली वस्तुओं से दूर रखें और यदि बच्चा कोई बाहरी वस्तु निगल ले तो तुरंत डाक्टर से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें- दीवाली पर घर लौटना महंगा, जबलपुर से फ्लाइट का किराया दोगुना; ट्रेनों में कन्फर्म सीटों का टोटा