
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे जयनगर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच एक ट्रिप वन-वे स्पेशल ट्रेन चलाएगा।
30 नवंबर को जयनगर से रवाना होने वाली यह ट्रेन एक दिसंबर को सतना, कटनी होते हुए शाम 5:40 बजे जबलपुर पहुंचेगी। यहां 10 मिनट रुकने के बाद शाम 5:50 बजे इटारसी के लिए रवाना होगी।
ट्रेन में कुल 20 कोच रहेंगे। यह दो दिसंबर को सुबह 8:30 बजे एलटीटी पहुंचेगी। इसमें आठ स्लीपर, 10 सामान्य और दो एसएलआर कोच होंगे।
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दानापुर-एर्नाकुलम के बीच एक-एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। दोनों दिशाओं की ट्रेनें सतना, कटनी, जबलपुर और इटारसी स्टेशनों पर रुकेंगी।
दानापुर से 29 नवंबर को रवाना होने वाली ट्रेन 30 नवंबर को सुबह 11:30 बजे जबलपुर पहुंचेगी और 11:40 बजे रवाना होगी। वापसी में तीन दिसंबर को एर्नाकुलम से चलकर पांच दिसंबर को सुबह 4:40 बजे जबलपुर पहुंचेगी। इसके अलावा बरौनी-बेंगलुरु कैंट के बीच 30 नवंबर को अनारक्षित वन-वे स्पेशल ट्रेन चलेगी।
यह एक दिसंबर को दोपहर 3:30 बजे जबलपुर पहुंचेगी और 10 मिनट बाद रवाना होगी। इसमें 16 सामान्य श्रेणी के कोच सहित कुल 18 कोच रहेंगे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नशे में धुत युवती का हंगामा, पुलिस और राहगीरों से की बदतमीजी; तमाशा देखने जुटी भीड़