
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को उचित चिकित्सा सुविधा और देखभाल उपलब्ध कराने से संबंधित जनहित याचिका की सुनवाई हाई कोर्ट की विशेष पीठ करेगी। मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे व न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने सुनवाई के दौरान इस संबंध में निर्देश जारी किए। मामले की अगली सुनवाई 29 जनवरी को भोजनावकाश के बाद निर्धारित की गई है।
भोपाल गैस पीड़ित महिला उद्योग संगठन की ओर से गैस पीड़ितों की चिकित्सा सुविधा और देखभाल के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने मामले में 20 बिंदु निर्धारित कर सुनवाई के लिए हाई कोर्ट स्थानांतरित करने के निर्देश दिए थे।
साथ ही प्रकरण की निगरानी के लिए मानिटरिंग कमेटी गठित की थी, जिसे प्रत्येक तीन माह में हाई कोर्ट के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। सुनवाई के दौरान मानिटरिंग कमेटी ने अपनी त्रैमासिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
युगलपीठ ने रिपोर्ट को रिकार्ड पर लेते हुए मामले की विस्तृत सुनवाई विशेष पीठ से कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित सभी पक्षों को अगली सुनवाई से दो सप्ताह पूर्व विशेष पीठ के समक्ष लिखित पक्ष प्रस्तुत करने कहा है।याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता राजेश चंद ने पैरवी की।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के ननवारा सब स्टेशन में धारदार हथियार से हमला कर आउटसोर्स कर्मचारी की हत्या