
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम ननवारा स्थित बिजली सब स्टेशन में शुक्रवार रात नाइट ड्यूटी कर रहे बिजली कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने कर्मचारी पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में सब स्टेशन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। गजेंद्र सागर जिले के बंडा विधानसभा सीट के वर्तमान विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी के स्वजन है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे गजेंद्र सिंह सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें- वन्यजीव अपराधों की जांच के लिए जबलपुर में तैयार होंगे विशेषज्ञ, आधुनिक तकनीकों पर फोकस