
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मेडिकल काॅलेज के सुपरस्पेशलिटी हाॅस्पिटल में सफल कैडवेरिक किडनी ट्रांसप्लांट कर चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। ट्रांसप्लांट टीम ने 4 साल से अधिक समय से डायलिसिस की असहनीय पीड़ा झेल रहे 33 वर्षीय शहडोल निवासी को नया जीवन प्रदान किया है।
किडनी प्राप्तकर्ता अत्यंत गरीब परिवार से आते हैं। लंबे समय से डायलिसिस के कारण वे शारीरिक और आर्थिक कष्ट झेल रहे थे। परिवार में किसी भी सदस्य का ब्लड ग्रुप या टिशू मैच न होने के कारण उनके पास कोई जीवित डोनर उपलब्ध नहीं था। ऐसे में कैडवेरिक ट्रांसप्लांट ही उनके जीवन की एकमात्र उम्मीद थी।
3 नवंबर 2026 को मेट्रो हास्पिटल में सड़क दुर्घटना के बाद नरेंद्र कुमार रजक को डाॅक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित किया गया था। अपने प्रियजन को खोने के गहरे सदमे और असहनीय पीड़ा के बावजूद स्वजनों ने अत्यंत साहस और संवेदनशीलता का परिचय दिया। निजी शोक से ऊपर उठकर उन्होंने अंगदान करने का ऐतिहासिक और सराहनीय निर्णय लिया।
स्वजनों की सहमति मिलने और सभी आवश्यक शासकीय व चिकित्सकीय अनुमतियां प्राप्त होने के बाद सुपरस्पेशलिटी हास्पिटल की अनुभवी ट्रांसप्लांट टीम ने पूरी तत्परता दिखाते हुए रात भर काम किया।
सुबह 6 बजे तक किडनी प्रत्यारोपण का यह जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। ऑपरेशन के बाद किडनी प्राप्तकर्ता के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ और पूरी तरह स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
प्रत्यारोपित किडनी सुचारू रूप से कार्य कर रही है और अब मरीज को डायलिसिस की आवश्यकता नहीं रही। इस ऑपरेशन के अतिरिक्त डोनर की दूसरी किडनी और लिवर को भी अन्य अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों को सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया गया, जिससे इस जीवनरक्षक पहल का लाभ कई परिवारों तक पहुंचा।
इस ट्रांसप्लांट में डीन डाॅ. नवनीत सक्सेना, डायरेक्टर डाॅ. अपर्णा ताम्रकार एवं अधीक्षक ले. कर्नल डाॅ. जितेन्द्र गुप्ता का विशेष योगदान एवं मार्गदर्शन रहा। किडनी ट्रांसप्लांट की इस प्रक्रिया में नेफ्रोलाजी, यूरोलाजी, सीटीवीएस और एनेस्थीसिया विभाग की प्रमुख भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पिटाई से बचने के लिए ट्रैक पर भाग रहा युवक ट्रेन से कटा, परिजन मौत की खबर से अनजान