
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकली 21 वर्षीय युवती तिलवारा के छोटे पुल पर पहुंची और नर्मदा में छलांग लगा दी। घाट पर मौजूद नाविकों और गोताखोरों ने उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मंगलवार सुबह परिजनों ने मेडिकल अस्पताल की मरचुरी में शव की पहचान की। इसके बाद तिलवारा पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया।
तिलवारा पुलिस के अनुसार दमोहनाका निवासी जगदीशचन्द्र केसरवानी की बेटी वंशिका केसरवानी ग्राॅफिक्स डिजाइनर के यहां काम करती थी। दोपहर करीब तीन बजे वह ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकली थी।
करीब चार बजे वह तिलवारा के छोटे पुल पर पहुंची और नर्मदा में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छलांग लगाने से पहले युवती ने उसे बचाने का प्रयास नहीं करने की बात कही थी।
युवती के पानी में कूदने की जानकारी मिलते ही नाविक और गोताखोर मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव मेडिकल अस्पताल की मरचुरी में रखवाकर पहचान के प्रयास शुरू किए।
देर रात तक वंशिका के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। जानकारी नहीं मिलने पर गोहलपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मंगलवार सुबह नर्मदा में युवती के कूदने की जानकारी मिलने पर परिजन तिलवारा थाने पहुंचे। पुलिस उन्हें मेडिकल अस्पताल ले गई, जहां उन्होंने शव की पहचान वंशिका के रूप में की।
यह भी पढ़ें- रसिकदुलारी की मां बोलीं-फौजी बनना था, संत बन गया; दो साल से नहीं मिली अब देख रही चिता जलते