
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर । ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में शनिवार सुबह काम के दौरान एक औद्योगिक कर्मचारी घायल हो गया। फैक्ट्री के ए-4 अनुभाग में प्रेस मशीन से वर्क पीस निकालते समय कर्मचारी के बाएं हाथ की अनामिका उंगली में चोट लग गई।
घटना आज सुबह करीब 10:08 बजे हुई। घायल कर्मचारी की पहचान तेजभान शाह, फिटर के रूप में हुई है। वे प्रेस मशीन से कार्यखंड निकाल रहे थे, इसी दौरान उनके बाएं हाथ की अनामिका अंगुली के नाखून वाले हिस्से में चोट लग गई।
घटना के तुरंत बाद फैक्ट्री अस्पताल में उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा और आवश्यक उपचार के लिए उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया।
आर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया के जनसंपर्क अधिकारी अविनाश शंकर ने बताया कि कर्मचारी को आवश्यक चिकित्सा सहायता और उपचार उपलब्ध कराने के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। प्रबंधन द्वारा कर्मचारी के स्वास्थ्य और उपचार पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया जनजातीय समाज के धर्मगुरुओं का सम्मान